Smiley face

वर्ष का बत्तीसवाँ इतवार

1 राजाओं 17:10-16; इब्रानियों 9:24-28; मारकुस 12:38-44

फादर आइजक एक्का


किसी अमुख पल्ली में, गिरजाघर की स्थिति दयनीय बन गयी थीl उस गिरजाघर का रंग उखड़ चुका था, उसके चारों ओर का दृश्य उजाड़ सा प्रतीत हो रहा था। उसकी मरम्मत कराने के प्रति लोग उदासीन थे। उसके अंदर के रखी किताबो और अलमारियो को प्रायः घुन खा चुका था। उसकी मरम्मत के लिए धन की कमी थी। अतः एक दिन वहाँ के पल्ली पुरोहित ने पल्लीवासियों की सभा बुलाई और पूछा कि कैसे गिरजाघर का नवीनीकरण किया जा सके। अतः सभी पल्लीवासियों ने अपनी-अपनी राय प्रस्तुत की और कहा कि सभी लोग अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देंगे। उसी पल्ली में ही एक अत्यंत धनी व्यक्ति था जो अत्यंत कठोर हदय का था। उसे कोई भी पल्लीवासी जागरूक नहीं कर सकता था। इसलिए पल्ली पुरोहित ने सभी पल्लीवासियों से कहा क्यों न हम गिरजाघर जाकर ईश्वर से प्रार्थना कर उस धनी व्यक्ति के हदय को ख्रीस्तीयमय बना सके। पल्ली पुरोहित ने भावुक होकर भक्तिभाव से प्रार्थना की। परिणाम स्वरूप तुंरत ही उस धनी व्यक्ति ने कहा कि मैं अब से सारे गिरजाघर के मरम्मत के कार्य में अपना संपूर्ण योगदान दूंगा। इसे सुनते ही सबों के दिल में खुशी की लहर दौड़ चली और उनकी खुशी की कोई सीमा न रही। इस घट्ना से उत्साहित होकर पल्ली पुरोहित और जोर-जोर से प्रार्थना करने लगा जिसे सभी के पत्थरमय हदय पिघल जाये।

आज के तीनों पाठों का निचोड़ है उदारता और त्याग की भावना। हम सभी इसी उदारता और त्याग की भावना में सहभागी होने के लिए ईश्वर द्वारा इस संसार में नाम लेकर बुलाये गये हैं। अब प्रश्न उठता है कि कैसे हम इसे अपने जीवन में कार्यरूप में परिणत करें। हम सभी ईश्वर की असीम दया के कारण किसी न किसी रूप में अवश्य धनी हैं। यही हमें स्मरण दिलाता है कि हमें जरूरतमदों की सहायता करनी है यही हमारे जीवन में भिन्नता दिखाती है।

आज के पहले पाठ और सुसमाचार में सच्चे मनुष्य के गुणों को दर्शाया गया है। पुराने और नये विधान में दो योग्य गरीब विधवाओं की उदारता और त्याग की मिसाल को निखारा गया है उनकी इस भावना को हम कभी भुला नहीं सकते हैं। पवित्र बाइबिल हमें बताती है कि उनकी उदारता और त्याग की भावना एक महान और अद्वितीय घटना थी। क्या आज हम अपने जीवन में इस प्रश्न का जवाब देने का हिम्मत रखते हैं? कि हम ख्रीस्तीय अनुकंपा, उदारता और त्याग से परिपूरित हैं?

आज के सुसमाचार में संत मारकुस हमारे सामने अंत्यत रोचकपूर्ण दृश्य प्रस्तुत करते हैं और वह है प्रभु येसु के मंदिर में दान देने वालों पर टिप्पणी करना। बहुत से धनी लोग अपनी समृध्दि में से दान दे रहे थे और उन्हीं के बीच एक कंगाल विधवा अपनी जीविका के सभी को दान कर देती है। उनकी उदारता की भावना को सराहे बिना येसु स्वय को रोक नहीं सके। वे अपने शिष्यों को उनकी उदारता की भावना का पाठ पढ़ाते हैं कि किसी की उदारता मनुष्य को कभी भी नीचा नहीं वरन् उसे महान बनाती है।

आज के पहले पाठ राजाओं का पहला ग्रंथ हमें एक गरीब विधवा की हदयस्पर्शी घटना की याद दिलाता है, जो अपने मुठ्ठी भर आटा और थोड़ी सी कुप्पी भर के तेल से भोजन बनाकर नबी एलियाह को खाना खिलाती है। यह किसी महान उदारता की भावना से कम नहीं था। क्या हम भी उस विधवा की तरह अपनी निर्धनता में भी परिपूर्णताः दिखाते हैं? उदारता महानता की वह भावना है जो ऊंच नीच की भावना को उखाड़कर फेंक देती है। आज के पुराने और नये विधान का सामान्य भाजक नबी एलियाह की कहानी और संत मारकुस के सुसमाचार में विधवाओं की कहानी जिनका उस दौर की यहूदी प्रथा में कोई सहारा नहीं था। वे मात्र ईश्वर पर आश्रित थे। प्रभु येसु ने इसी भावना को नया अर्थ और परिभाषा दी है।

आइये आज इस यूख्रीस्तीय समारोह में भाग लेकर अपने जीवन में इसे अमल मे करने का दृढ़ निश्चय लें। एक बार अलेक्जेन्डर महान ने दरबार में कहा, “भिखारी के लिए तांबे का सिक्का उसकी आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए पर्याप्त है, अपितु सोने का सिक्का अलेक्जेन्डर की उदारता का प्रतीक है”। अर्थात् हमें मनुष्य के रंग रूप को देखकर उसकी सहायता नहीं करनी चाहिए वरन् इसलिए उसकी सहायाता करनी चाहिए कि वह ईश्वर का प्रतिरूप है।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!