क्रिसमस करोल की प्रार्थनाएं

क्रिसमस गीत

2. चरनी की आशिष


हे सर्वशक्तिमान पिता, क्रिसमस की इस अवधि में आप हमें कुँवारी मरियम से जन्मे आपके पुत्र येसु ख्रीस्त के रहस्य पर मनन-ध्यान करने के लिए आमंत्रित करते हैं। चरनी में लेटा असहाय बच्चा बन कर वे हमें सुसमाचार की दरिद्रता और आज्ञाकारिता की महान शिक्षाओं का पाठ पढाते हैं। आप उन सब पर अपना आशीर्वाद बरसाइए जो इस चरनी के पास आकर प्रार्थना करेंगे। अपने पुत्र पर हमारा विश्वास दृढ़ बना दें, जो ईश्वर होते हुए भी हमारी ही तरह मनुष्य बन गये हैं। इस चरनी पर अपनी आशिष बरसा ताकि यह हमें आपके आज्ञाकारी पुत्र की शिक्षा पर चलकर उन्हीं की तरह विनम्र बनने की प्रेरणा प्रदान करे। हमारे प्रभु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।


(चरनी की पवित्र जल से आशिष)

3. बाइबिल पाठ

(इनमें से कोई एक पाठ पढें)

1. मत्ती 1:18-25
2. मत्ती 2:7-12
3. लूकस 2:1-7
4. लूकस 2:8-14
5. लूकस 2:15-20
6. योहन 1:1-14

4. कुछ देर मौन प्रार्थना


5. विभिन्न संस्थाओं एवं परिवारों के लिए पार्थना


(इनमें से एक प्रार्थना करें)

5.1. ख्रीस्तीय परिवारों के लिए प्रार्थना

हे सर्वशक्तिमान पिता, आपके पुत्र ने स्वर्गिक सुखों को छोडकर भूपर मनुष्य बनकर माँ मरियम और सन्त योसेफ के साथ परिवार में रहना पसन्द किया। ख्रीस्त जयन्ती के अवसर पर हम (नाम.....) के परिवार मे इकठ्ठे हुए हैं। ऐसा वर दीजिए कि इस परिवार के सभी सदस्यों के हृदयों को ख्रीस्त-जयन्ती के आनन्द से भर दीजिए। जिस प्रकार माँ मरियम और यूसुफ ने आपके पुत्र का पालन किया वैसा ही पालन अपने बच्चों का करने इस घर के माता-पिता को सिखाइए। जैसे बालक येसु ने अपने माता-पिता की आज्ञाओं का पालन किया वैसे ही अपने माता-पिता की आज्ञाओं का पालन करना इस परिवार के बच्चों को सिखाइए। सदा इस परिवार के दुःखों और संकटों में उनके साथ रहिए। कष्टों में इन्हें धीरज प्रदान कीजिए। बीमारियों में इन्हें सास्थ्य प्रदान कीजिए। इनके हर एक कार्य में इन्हें सफलता प्रदान कीजिए। ऐसा वर दें कि यह परिवार नाज़रेत के पवित्र परिवार के आदर्षों पर चलते हुए आपके विश्वास में हमेषा बना रहे और समाज में ईशराज्य की स्थापना के कार्य में अपना योगदान प्रदान करे। हम यह प्रार्थना करते हैं हमारे प्रभु बालक येसु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।

5.2. धर्मबहनों के समुदाय के लिए

हे परम पावन पिता, आप हम में शुभ अभिलाषाएं उत्पन्न करते रहते और उन्हें पूर्णता तक पहूँचा भी देते हैं। क्रिसमस के इस पुण्य अवसर पर हम स्वर्गदूतों के साथ मिलकर आपका स्तुतिगान करते हैं क्योंकि आपने कृपा दी है कि हम इस पृथ्वी पर यात्रा करते समय स्वर्गिक आवास की अभिलाषा करें। इस मठ की धर्म-बहिनों को अपनी उपस्थिति के आनन्द से सदा भर दीजिए। यह वर दीजिए कि वे अपने बुलाहटी जीवन में ज्योतिषियों की तरह विश्वासपूर्वक आपको ढूँढें, सब कुछ में आपको पायें और सुसमाचार की साक्षी बन जायें। हे परम दयालु पिता इन धर्मबहनों के द्वारा आप अपने परिचय की मधुर सुगंध सब स्थानों में प्रकट कीजिए। दूसरों में अपने ही भाई-बहनों को पहचानने और उनकी सहर्ष सेवा करने का वरदान इन्हें प्रदान कीजिए। हम यह प्रार्थना करते हैं हमारे प्रभु बालक येसु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।

5.3. पल्लिपुरोहित के निवास स्थान पर प्रार्थना

हे सर्वशक्तिसम्पन्न पिता परमेश्वर, मानव जाति के प्रति प्यार से प्रेरित होकर आपने अपने एकलौते पुत्र को हमारे बीच में भेजा। ख्रीस्त जयन्ती के प्रेम तथा शांति से प्रेरित होकर हम हमारे पल्ली पुरोहित के निवास स्थान पर एकत्र हुए हैं। हम आपसे सविनय प्रार्थना करते हैं कि हमारे पल्ली पुरोहित (तथा सहायक पल्ली पुरोहित) को ख्रीस्त जयन्ती की शांति प्रदान कीजिए तथा आपकी रेवट को ईशराज्य के योग्य बनाने के उनके प्रयत्नों को सफल बनाइए ताकि हम, सब के सब, प्रभु के आगमन पर आनन्द मना सकें। इस पल्ली को सुचारु रूप से चलाने तथा पल्लीवासियों को आध्यात्मिकता में अग्रसर कर उन्हें आपकी राह पहचानने एवं स्वर्ग राज्य के अधिकारी बनाने में कार्यरत हमारे पल्ली पुरोहित को आप अपनी आशिष तथा अनंत कृपा से भर दें, हमारे प्रभु बालक येसु के द्वारा। आमेन।

5.4. स्कूल के लिए

हे प्रममय पिता ईश्वर, आप के एकलौते पुत्र ने शरीर धारण कर एक बालक के समान इस संसार में अवतार लिया ताकि वे हम निरे मनुष्यों को आप के पास जाने का मार्ग सिखा सकें। आज हम उनके जन्म के त्योहार के अवसर पर इस ..... स्कूल के प्राध्यापक तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए प्रार्थना कर उन्हें आपको समर्पित करते हैं।

हे परम गुरु प्रभु, दयापूर्वक हमारी प्रार्थना सुनिए कि इस स्कूल में अपनी सेवाएं देनेवाले सभी अध्यापकों को छात्रों में मानवी गुणों को प्रोत्साहन करने, विज्ञान एवं साहित्यिक ज्ञान की वृद्धी करने की आशिष प्राप्त हो। यह विद्यापीठ ऐसा बने जहाँ शिष्य और शिक्षक सत्य वचन से शिक्षित किये जाकर ख्रीस्त के जीवन के आदर्षों का अनुसरण करें और आपसे जुड़े रहने का सारे हृदय से प्रयत्न करें।

हे पिता, इन्हें विद्या की आशिष, अनन्त जीवन की सीख और सत्य में चलने का वरदान प्राप्त हों। जिस प्रकार माता मरियम ने बालक येसु को ग्रहण किया उसी प्रकार, खुशी तथा प्रेम के साथ, ये भी बालक प्रभु का स्वागत करें। हम यह प्रार्थना करते हैं हमारे प्रभु बालक येसु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।

5.5. शिक्षक शिक्षिकाओं के निवास स्थान पर

हे पिता, स्वर्ग और पृथ्वि के प्रभु! हम आपकी स्तुति करते हैं; क्योकि आपने अपने राज्य निगूठ रहस्यों को ज्ञानियों और समझदारों से छिपा कर निरे बच्चों पर प्रकट किया है। हे प्रभु चरनी में लेटे आपके पुत्र को देखकर हम आपके असीम प्रेम का बखान करते हैं। आपके सत्य तथा आपके द्वारा रचित इस जगत का ज्ञान दूसरों को प्रदान करने वाले इस शिक्षक-शिक्षिकाओं पर अपनी कृपा-दृष्टि डालिए तथा इन्हें अपने ज्ञान से भर दें ताकि अनंत सत्य की खोज में इनसे शिक्षा प्राप्त करनेवाले विद्यार्थि-विद्यार्थिनियों को वे सच्चे मार्ग पर ले चल सकें। हम विश्वास करते हैं कि चरनी में लेटे आपके परम प्रिय पृत्र ही मार्ग सत्य और जीवन हैं। उन्हीं का दर्शन हर मानव में करने तथा उनकी सेवा करने की कृपा हम सबको प्रदान कीजिए, हमारे प्रभु बालक येसु के द्वारा। आमेन।

5.5. होस्टल के लिए

हे जगतदाता तारणहार प्रभु, क्रिसमस के इस पावन एवं शुभ अवसर पर हम चरनी में लेटे बालक येसु की आराधना करते हुए अपने हृदय के सन्दूक खोलकर अपने प्यार के उपहार उन्हें चढ़ाते हैं। इस अवसर पर हम इस होस्टल के सभी बच्चों, अधिकारियों तथा विभिन्न सेवा प्रदान करने वाले व्यक्तियों को तुझे समर्पित करते हैं। इस होस्टल में अध्ययन करने वाले सभी विद्यर्थियों को आप अपना ज्ञान एवं बुद्धि से भर दीजिए। उनके माता-पिता, भाई-बहनों को आप सुरक्षित रखिए तथा उन्हें अपनी कृपाओं से भर दीजिए। सबों के मनों को क्रिसमस की खुशियों से भर दीजिए ताकि आपके राज्य में सम्मिलित होने का श्रेय उन्हें प्राप्त हो। हम यह प्रार्थना करते हैं, हमारे प्रभु बालक येसु के द्वारा। आमेन।

6. कैरोल गीत

7.क्रिसमस बधाई गीत


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!