संत सेबास्तियन से मध्यस्थ-प्रार्थना

(फ़ादर रोनाल्ड वॉन)

हे साहस एवं निडरता की प्रतिमूर्ति संत सेबास्तियन, आपको पिता ईश्वर ने महान आध्यात्मिक एवं शारीरिक शक्ति से अनुग्रहित किया था। आपने ईश्वर के प्राप्त सदगुणों का उपयोग ख्रीस्तीय जीवन का साक्ष्य देने के लिए किया। आपने अपने आदर्श ख्रीस्तीय जीवन द्वारा येसु का साक्ष्य दिया तथा आपके जीवन से प्रेरणा एवं प्रोत्साहन पाकर अनेकों ने ख्रीस्तीय विश्वास अपनाया। आपने निडर होकर अनेक विश्वासियों को मृत्यु तक येसु के नाम के प्रति वफदार बने रहने का ढांढस बंधाया था। आपकी प्रार्थनाओं से अनेकों ने अज्ञानता एवं डर के अंधकार को त्यागा तथा गंभीर रोगों से मुक्ति पायी। हे साहसी संत सेबास्तियन हमें भी आपके समान हमारे शरीर को सुसमाचार की सेवा में समर्पित करने की प्रेरणा एवं मनोबल प्रदान कीजिये। हम आपके समान हमारे शरीर से ईश्वर को महिमा प्रदान करे। आपकी प्रार्थनाओं से अनेक लोगों ने गंभीर बीमारियों से चंगाई प्र्राप्त की है। हम आपसे सभी रोगियों के लिये प्रार्थना करते हैं ताकि वे जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ पाकर येसु के नाम में विश्वास कर सके तथा अपनी चंगाई का साक्ष्य दे सके।

हे संत सेबास्तियन अनेक बार हम डर एवं संकोच के कारण येसु के नाम को घोषित नहीं कर पाते हैं। हमारे लिये प्रार्थना कीजिए ताकि हम भी विश्वास करे कि, ’’ईश्वर ने हमें भीरुता का नहीं, बल्कि सामथ्र्य, प्रेम तथा आत्मसंयम का मनोभाव प्रदान किया है (2तिमथी 1:7)।’’ ख्रीस्तीय होने के कारण आने वाली समस्याओं एवं अत्याचारों को हमें साहस एवं विश्वास के साथ सहने की शक्ति एवं मनोबल प्रदान कीजिए। मेरी इस आवश्यकता की घड़ी में कृपया कर मेरे लिये स्वर्ग से प्रार्थना कीजिए ताकि मैं येसु से आवश्यक कृपा प्राप्त कर सकूँ .........(निजी निवेदन..........)। आमेन।


हे पिता हमारे....................प्रणाम मरिया........पिता और पुत्र और पवित्रात्मा की महिमा....


हे संत सेबास्तियन हमारे लिये प्रार्थना कर।

कि हम ख्रीस्त की प्रतिज्ञाओं के योग्य बन जाये।


हम प्रार्थना करें

हे पिता परमेश्वर हमने संत सेबास्तियन के जीवन एवं कार्यों द्वारा आपको और अधिक पहचाना तथा आपकी शिक्षाओं को जीवन की वास्तविकता बनते देखा है। हमारी आपसे प्रार्थना है कि संत सेबास्तियन के जीवन के पुण्यफलों के द्वारा हम भी प्रभु येसु के जीवन, क्रूस एवं पुनरूत्थान में सहभागी बनकर उनकी प्रतिज्ञाओं के योग्य बन जाये। हम यह प्रार्थना करते हैं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!