समूएल का दुसरा ग्रन्थ

अध्याय 4

1जब साऊल के पुत्र इशबोशेत को यह पता चला कि अबनेर हेब्रोन में मारा गया है, तो उसका साहस टूट गया और दूसरे इस्राएली भी घबरा उठे। 2साऊल के पुत्र के पास दो आदमी थे, जो छापामारी दलों के नेता थे। एक का नाम बाना था और दूसरे का, रेकाब। वे बेनयामीनवंशी बएरोत के निवासी रिम्मोन के पुत्र थे; क्योंकि बएरोत की गणना बेनयामीन में की जाती है। 3बएरोत के निवासी गिताईम भाग गये थे और वे आज तक वहाँ प्रवासी होकर रहते हैं। 4साऊल के पुत्र योनातान का एक पुत्र था, जो दोनों पाँव से लँगड़ा था। जब साऊल और योनातान के विषय में यिज्ऱएल से समाचार आया, तो वह पाँच वर्ष का था। उसकी दाई उसे ले कर भाग गयी। भागने की जल्दी में वह गिर गया था और लँगड़ा हो गया। उसका नाम मफ़ीबेशेत था। 5बएरोतवासी रिम्मोन के पुत्र रेकाब और बाना इशबोशेत के घर की ओर चले और वहाँ कड़ी धूप में पहुँचे। उस समय इशबोशेत दोपहर का विश्राम कर रहा था। 6वे गेहूँ के पूले लिये घर में घुसे और उन्होंने उसके पेट में छुरा भोंक दिया। इसके बाद रेकाब और उसका भाई बाना भाग गये। 7वे घर घुस गये थे, जब वह अपने शयनागार में पलंग पर सो रहा था। उन्होंने छुरा मारकर उसका वध किया और उसका सिर काट लिया। वे उसका सिर ले कर अराबा के मार्ग पर सारी रात चलते रहे। 8फिर उन्होंने इशबोशेत का सिर हेब्रोन में दाऊद के पास ले जा कर राजा से कहा, "अपने शत्रु, साऊल के पुत्र इशबोशेत का सिर देखिए। यह आपके प्राणों का गाहक था। लेकिन आज प्रभु ने मेरे स्वामी, राजा के लिए साऊल और उसके वंशजों से बदला चुका लिया है।" 9दाऊद ने बएरोतवासी रिम्मोन के पुत्र रेकाब और उसके भाई बाना को उत्तर दिया, "सब प्रकार के संकटों से मेरी रक्षा करने वाले प्रभु की शपथ! 10मैंने उस मनुष्य को, जो यह समाचार लाया था कि साऊल की मृत्यु हो गयी है और जिसने यह सोचा था कि यह अच्छा समाचार है, सिकलग में, पकड़वा कर मरवा डाला था। मैंने उसे उसके समाचार के लिए वही पुरस्कार दिया। 11अब यदि दुष्टों ने एक भले आदमी को, उसके अपने घर में, उसके पलंग पर मार डाला हो, तो क्या मैं तुम से उसके रक्त का प्रतिशोध न लूँ और तुम्हें पृथ्वी पर से न मिटा दूँ?" 12इस पर दाऊद ने नवयुवकों को आदेश दिया और उन्होंने उनका वध किया। उन्होंने उनके हाथ-पाँव काट कर उन्हें हेब्रोन के कुण्ड के पास लटका दिया। उन्होंने इशबोशेत का सिर ले कर हेब्रोन में अबनेर की क़ब्र में दफ़ना दिया।