1अय्यूब ने उत्तर देते हुए कहाः 2तुम लोग कब तक मुझे सताते रहोगे और अपने शब्दों से मुझे रौंदते रहोगे 3तुमने दस बार मेरा अपमान किया। क्या तुम को मुझे सताते हुए लज्जा नहीं? 4यदि मैं सचमुच भटक गया, तो उस से तुम को क्या? 5यदि तुम अपने को मुझ से बड़ा प्रमाणित करना और मेरी दुर्दशा के कारण मेरी निंदा करना चाहते हो, 6तो यह जान लो कि ईश्वर ने मेरे साथ अन्याय किया और मुझे अपने जाल में फँसाया है। 7यदि मैं ’अत्याचार! अत्याचार!’ की आवाज लगाता, तो कोई नहीं सुनता, मैं दुहाई देता हूँ, किंतु मेरे साथ अन्याय होता रहता है। 8उसने मेरा मार्ग बंद कर दिया, मैं आगे नहीं बढ सकता। उसने मेरा पथ अंधकार से ढक दिया। 9उसने मेरी प्रतिष्ठा मुझ से छीन ली है, उसने मेरे सिर का मुकुट उतार दिया है। 10वह चारों ओर से मेरी जड़ काटता है, उसने मेरी आशा का वृक्ष उखाड़ा है। 11उसका क्रोध मुझ पर भड़क उठा, उसने मेरे साथ-शत्रु जैसा व्यवहार किया। 12उसके सैनिक मेरी ओर आगे बढ़ते हैं, वे मेरे पास तक का मार्ग बनाते और मेरे तम्बू की घेराबंदी करते हैं। 13उसने मेरे भाई-बहनों को मुझ से दूर कर दिया। मेरे परिचित मुझे पराया समझते हैं, 14मेरे संबंधी मुझे छोड़ कर चले गये, मेरे मित्रों ने मुझे भुला दिया। 15मेरे अतिथि और दासियाँ मुझे परदेशी समझते हैं, मैं उनकी दृष्टि में अपरिचित बन गया हूँ। 16मैं अपने नौकर को बुलाता हूँ, वह उत्तर तक नहीं देता, यद्यपि मैं उस से विनयपूर्वक निवेदन करता हूँ। 17मेरी सांँस से मेरी पत्नी को घृणा होती है, मेरे अपने पुत्र मुझे घृणित समझते हैं। 18छोकरे भी मेरी हंसी उडाते हैं, जब मैं उठ खड़ा होता हूँ, तो वे मेरा उपहास करते हैं। 19मेरे पुराने मित्र मेरा तिरस्कार करते, मेरे आत्मीय मुझ से मुँह मोड़ते हैं। 20मेरी चमड़ी मेरी हड्डियों से चिपक गयी, मैं मृत्यु से बाल-बाल बचा हूँ। 21मेरे मित्रों! मुझ पर दया करो! दया करो! क्योंकि प्रभु के हाथ ने मेरा स्पर्श किया है। 22तुम ईश्वर की तरह मुझे क्यों सताते हो? तुम मुझे क्यों निगलना चाहते हो? 23(23-24) ओह! कौन मेरे ये शब्द लिखेगा? कौन इन्हें लोहे की छेनी और शीशे से किसी स्मारक पर अंकित करेगा? इन्हें सदा के लिए चट्टान पर उत्कीर्ण करेगा? 25मैं यह जानता हूँ कि मेरा रक्षक जीवित हैं और वह अंत में पृथ्वी पर खड़ा हो जायेगा। 26जब मैं जागूँगा, मैं खड़ा हो जाऊँगा, तब मैं इसी शरीर में ईश्वर के दर्शन करूँगा। 27मैं स्वयं उसके दर्शन करूँगा, मेरी ही आँखे उसे देखेंगी। मेरा हृदय उसके दर्शनों के लिए तरसता है। 28यदि तुम सोचते हो, "हम उसे किस प्रकार सतायें क्योंकि वह अपनी दुर्गति का कारण है" 29तो तुम अपनी तलवार से सावधान रहो; क्योंकि तुम्हारी क्रूरता तलवार के दण्ड के योग्य है। तब तुम जान जाओगे कि न्याय होता है।