योब

अध्याय 33

1अय्यूब! अब मेरी बात सुनो। जो कहता हूँ, उस पर ध्यान दो। 2देखों, मैं अपना मुँह खोलने वाला हूँ मेरी जीभ बोलने को बेचैन है। 3मैं निष्टकट हृदय से बोलूँगा, मेरे होंठ सत्य ही प्रकट करेंगे। 4ईश्वर के आत्मा ने मुझे गढ़ा है, सर्वशक्तिमान मुझ में प्राणवायु फूँकता है। 5यदि तुम उत्तर दे सकते हो, तो दे दो। अपना पक्ष मेरे सामने प्रस्तुत करो। 6मैं ईश्वर के सामने तुम्हारे बराबर हूँ, उसने मुझे भी मिट्ठी से गढ़ा है। 7इसलिए तुम्हें मुझ से भयभीत नहीं होना चाहिए, मैं तुम को आतंकित नहीं करूँगा। 8तुमने मेरे सामने अपना पक्ष प्रस्तुत किया। मैंने तुम को यह कहते हुए सुना; 9"मैं पवित्र हूँ, निष्पाप हूँ। मैं शुद्ध और निरपराध हूँ। 10फिर भी ईश्वर मुझ में दोष ढूँढता और मुझे अपना शत्रु समझता है। 11वह मेरे पैरों को बेड़ियाँ पहनाता और मेरे आचरण की कड़ी निगरानी करता है।" 12मैं तुम से कहता हूँ: तुम्हारी यह बात गलत है, क्योंकि ईश्वर मनुष्य से महान् है। 13तुम उसकी शिकायत क्यों करते हो कि वह तुम्हारी किसी बात का उत्तर नहीं देता? 14ईश्वर निश्चय ही बारम्बार बोलता है, किंतु कोई उसकी बात पर ध्यान नहीं देता। 15जब मनुष्य बिस्तर पर लेटे हुए गहरी नींद में सोते हैं, तो ईश्वर स्वप्न में, रात के किसी दर्श में बोलता है। 16उस समय वह अपने को मनुष्य पर प्रकट करता और दर्शन दे कर उसे डराता है, 17जिससे वह उसे कुमार्ग से हटाये और उसका घमण्ड दूर कर दे। 18इस प्रकार वह अधोलोक के द्वार से मनुष्य की रक्षा करता और भाले की मार से उसका जीवन बचाता है। 19वह बिस्तर पर पड़े हुए मनुष्य को दर्द द्वारा सुधारता है, जब उनकी हड्डियाँ निरंतर काँपती रहती है। 20मनुष्य को भोजन से घृणा हो जाती है, उसे स्वादिष्ट व्यंजन में रूचि नहीं होती। 21उसका शरीर सब के देखते छीजता है, उसकी हड्डियाँ, जो नहीं दिखाई देती थी, अब निकल आती है। 22उसकी आत्मा अधोलोक के पास पहुँचती है और उसका जीवन मृतकों के निवास के निकट। 23किंतु यदि उसे एक स्वर्गदूत, हजारों में से एक मध्यस्थ मिल जाता है, जो उसे उसका कर्तव्य समझाता, 24उस पर कृपा करता और ईश्वर से कहता है, "इसे अधोलोक में उतरने से बचा, मुझे इसका रक्षा-शुल्क मिल गया", 25तब उसका शरीर बालक के जैसा नया हो जाता है और उसकी जवानी के दिन लौटते हैं। 26वह ईश्वर से प्रार्थना करता, जो उस पर प्रसन्न है। वह उल्लसित हो कर उस ईश्वर के दर्शन करता है, जो उसे नयी धार्मिकता का वरदान देता है। 27वह मनुष्यों के सामने यह कहता हैः "मैंने पाप किया, मैं संमार्ग से भटक गया, किंतु उसने मुझे अधर्म का दण्ड नहीं दिया। 28उसने मुझे अधोलोक में उतरने से बचा लिया। मैं फिर ज्योति का सुख पाता हूँ।’ 29देखो, ईश्वर यह सब मनुष्य के लिए दो बार, तीन बार करता है। 30वह उसे अधोलोक से वापस बुलाता और उसे जीवन की ज्योति प्रदान करता है। 31अय्यूब! तुम ध्यान से मेरी बात सुनो। तुम चुप रहो! मैं बोलूँगा। 32यदि तुम उत्तर दे सकते हो, तो दे दो। निस्संकोच उत्तर दो। मैं चाहता हूँ कि तुम निर्दोष ठहरो। 33नहीं तो, तुम मेरी बात सुनो। चुप रहो, मैं तुम्हें प्रज्ञा की शिक्षा दूँगा।