2(1-2) संकट के समय प्रभु आपकी प्रार्थना सुने, याकूब के ईश्वर का नाम उसकी रक्षा करे। 3वह मन्दिर में से आपकी सहायता करे, सियोन पर्वत पर से आप को संभाले। 4वह आपके सब चढ़ावों को स्मरण रखे और आपकी होम-बलि स्वीकारे। 5वह आपके सब मनोरथ पूर्ण करे और आपकी समस्त योजनाएं सफल बनाये। 6तब हम आपकी विजय के कारण तालियाँ बजायेंगे और अपने ईश्वर के नाम पर ध्वजाएँ फहरायेंगे। प्रभु आपकी सब प्रर्थनाएँ पूरी करे। 7अब मैं जान गया कि प्रभु अपने अभिषिक्त को विजय दिलाता है। वह अपने विजयी बाहुबल के प्रदर्शन से अपने अभिषिक्त की प्रार्थना पूरी करता है। 8कुछ लोग रथों पर और कुछ लोग अश्वों पर गौरव करते हैं। हम तो प्रभु, अपने ईश्वर के नाम की दुहाई देते हैं। 9वे लड़खड़ा कर गिर जाते हैं और हम डट कर सामना करते हैं। 10प्रभु! राजा को विजय दिला। जिस दिन हम तुझे पुकारते हैं, उस दिन हमारी सुन।