2(1-2) धन्य है वह, जो दरिद्र की सुधि लेता है! विपत्ति के दिन प्रभु उसका उद्धार करता है। 3प्रभु पृथ्वी पर उसे सुरक्षित रखता और सुख-शान्ति प्रदान करता है। वह उसे उसके शत्रुओं के हाथों पड़ने नहीं देता। 4प्रभु उसे रोग-शय्या पर सान्त्वना देता और उसका बिस्तर बदलता है। 5मैंने कहा, "प्रभु! मुझ पर दया कर, मुझे चंगा कर, क्योंकि मैंने तेरे विरुद्ध पाप किया है।" 6मेरे शत्रु यह कहते हुए मेरा अहित चाहते हैं। "वह कब मरेगा और उसका नाम नहीं रहेगा?" 7यदि कोई मुझ से मिलने आता है, तो वह झूठ बोलता है। वह मन में मेरी बुराई की सामग्री भरता और बाहर आते ही मेरी निन्दा करता है। 8मेरे सब बैरी मिलकर मेरे विरुद्ध फुसफुसाते और मेरी दुर्दशा के विषय में यह कहते हैं: 9"वह एक अशुभ रोग से ग्रस्त है। उसके लग जाने के बाद कोई रोग-शय्या से नहीं उठता।" 10जिस पर मुझे भरोसा था, जिसने मेरी रोटी खायी, उस अभिन्न मित्र ने भी मुझ पर लात चलायी है। 11परन्तु तू, प्रभु! मुझ पर दया कर; मुझे चंगा कर और मैं उन से बदला चुकाऊँगा। 12मेरा शत्रु मुझ पर विजयी नहीं हुआ, इस से मैं जानता हूँ कि तू मुझ पर प्रसन्न है। 13मेरी निर्दोषता के कारण तूने मुझे संभाला और सदा के लिए मुझे अपने सान्निध्य में रखा है। 14प्रभु, इस्राएल का ईश्वर सदा-सर्वदा धन्य है। आमेन, आमेन।