स्तोत्र

अध्याय 92

2(1-2) प्रभु का गुणगान करना कितना अच्छा है! सर्वोच्च ईश्वर! तेरे नाम का भजन गाना, 3तम्बूरा और वीणा बजाते हुए, सितार के मधुर संगीत के साथ, 4प्रातः तेरे प्रेम का और रात को तेरी सत्यप्रतिज्ञता का बखान करना कितना अच्छा है! 5प्रभु! तेरे कार्य मुझे आनन्दित करते हैं; तेरी सृष्टि देख कर मैं उल्लसित हो कर कहता हूँ; 6प्रभु तेरे कार्य कितने महान् है! तेरी योजनाएँ कितनी गूढ़ हैं! 7अविवेकी मनुष्य यह नहीं जानता, मूर्ख यह नहीं समझता। 8विधर्मी भले ही घास की तरह बढ़ते हों, सब दुष्ट भले ही फलते-फूलते हों, किन्तु वे सदा-सर्वदा के लिए नष्ट किये जायेंगे, 9जब कि तू, प्रभु! सदा-सर्वदा स्वर्ग में विराजमान रहता है। 10प्रभु! निश्चय ही तेरे शत्रुओं का विनाश होगा और सब कुकर्मी तितर-बितर हो जायेंगे। 11तूने मुझे जंगली भैंसे-जैसा बल प्रदान किया है। मैं उत्तम तेल से नहाता हूँ। 12मेरी आँख ने अपने शत्रुओं की पराजय देखी है, मेरे कान ने अपने दुष्ट बैरियों के पतन के विषय में सुना है। 13धर्मी खजूर की तरह फलता-फूलता और लेबानोन के देवदार की तरह बढ़ता है। 14वे प्रभु के मन्दिर में रोपे गये हैं, वे हमारे ईश्वर के प्रांगण में फलते-फूलते हैं। 15वे लम्बी आयु में भी फलदार हैं। वे रसदार और हरे-भरे रहते हैं, 16जिससे वे प्रभु का न्याय घोषित करें: "प्रभु मेरी चट्टान है। उस में कोई अन्याय नहीं।"