स्तोत्र

अध्याय 108

2(1-2) ईश्वर! मेरा हृदय प्रस्तुत है। मैं सारे हृदय से गाते-बजाते हुए भजन सुनाऊँगा। 3सारंगी और वीणा! जागो। मैं प्रभात को जगाऊँगा। 4प्रभु! मैं राष्ट्रों के बीच तुझे धन्य कहूँगा। मैं देश-विदेश में तेरा स्तुतिगान करूँगा; 5क्योंकि आकाश के सदृश ऊँची है तेरी सत्यप्रतिज्ञता, तारामण्डल के सदृश ऊँचा है तेरा सत्य। 6ईश्वर! आकाश के ऊपर अपने को प्रदर्शित कर। समस्त पृथ्वी पर तेरी महिमा प्रकट हो। 7तू अपने दाहिने हाथ से हमें बचा, हम को उत्तर दे, जिससे तेरे कृपापात्रों का उद्धार हो। 8ईश्वर ने अपने मन्दिर में यह कहा: "मैं सहर्ष सिखेम का विभाजन करूँगा और सुक्कोथ की घाटी नाप कर बाँट दूँगा। 9गिलआद प्रदेश मेरा है; मनस्से प्रदेश मेरा है; एफ्रईम मेरे सिर का टोप है; यूदा मेरा राजदण्ड है; 10मोआब मेरी चिलमची है; मैं एदोम पर अपनी चप्पल रखता हूँ; मैं फिलिस्तिया को युद्ध के लिए ललकारता हूँ।" 11कौन मुझे किलाबन्द नगर में पहुँचायेगा? कौन मुझे एदोम तक ले जायेगा? 12वही ईश्वर, जिसने हमें त्यागा है; वही ईश्वर, जो अब हमारी सेनाओं का साथ नहीं देता। 13शत्रु के विरुद्ध हमारी सहायता कर; क्योंकि मनुष्य की सहायता व्यर्थ है। 14ईश्वर के साथ हम शूरवीरों की तरह लड़ेंगे; वही हमारे शत्रुओं को रौंदेगा।