1मैं प्रभु को प्यार करता हूँ; क्योंकि वह मेरी पुकार सुनता है। 2मैं जीवन भर उसका नाम लेता रहूँगा; क्योंकि उसने मेरी दुहाई पर ध्यान दिया। 3मैं मृत्यु के बन्धनों से जकड़ा और अधोलोक के फन्दों में फँसा हुआ था। मैं संकट और शोक से घिरा हुआ था। 4तब मैंने प्रभु का नाम ले कर पुकारा: "प्रभु! मेरे प्राणों की रक्षा कर!" 5प्रभु न्यायप्रिय और दयालु है; हमारा ईश्वर करुणामय है। 6प्रभु निष्कपट लोगों की रक्षा करता है। मैं निस्सहाय हो गया था और उसने मेरा उद्धार किया। 7मेरी आत्मा! तू फिर शान्त हो जा, क्योंकि प्रभु ने तेरा उपकार किया है। 8उसने मुझे मृत्यु से छुड़ाया। उसने मेरे आँसू पोंछ डाले और मेरे पैरों को फिसलने नहीं दिया, 9जिससे मैं जीवितों के देश में प्रभु के सामने चलता रहूँ। 10यद्यपि मैंने कहा था, "मैं अत्यन्त दुःखी हूँ", तब भी मैंने भरोसा नहीं छोड़ा। 11मैंने संकट में पड़ कर यह भी कहा था, "कोई मनुष्य विश्वसनीय नहीं है"। 12प्रभु के सब उपकारों के लिए मैं उसे क्या दे सकता हूँ? 13मैं मुक्ति का प्याला उठा कर प्रभु का नाम लूँगा। 14मैं प्रभु की सारी प्रजा के सामने प्रभु के लिए अपनी मन्नतें पूरी करूँगा। 15अपने भक्तों की मृत्यु से प्रभु को भी दुःख होता है। 16प्रभु! तूने मेरे बन्धन खोल दिये; क्योंकि मैं तेरा सेवक हूँ, तेरा सेवक, तेरी सेविका का पुत्र। 17मैं प्रभु का नाम लेते हुए धन्यवाद का बलिदान चढ़ाऊँगा।