2(1-2) मैं प्रभु की दुहाई देता हूँ मैं ऊँचे स्वर से प्रभु से प्रार्थना करता हूँ, 3मैं उसके सामने अपना दुःखड़ा रोता हूँ, मैं उसे अपना कष्ट बताता हूँ। 4जब मैं निराश हो जाता हूँ, तो तू जानता है कि मैं कहाँ जा रहा हूँ। मैं जिस मार्ग पर चलता हूँ, वहाँ लोगों ने मेरे लिए जाल बिछाया है। 5मेरे दाहिने दृष्टि डाल और देख - मेरी परवाह कोई नहीं करता, मेरे लिए कोई शरण नहीं, मेरे जीवन की चिन्ता कोई नहीं करता। 6मैंने यह कहते हुए प्रभु को पुकारा: "तू ही मेरा शरण है, जीवितों के देश में मेरा भाग्य"। 7मेरी पुकार सुन, क्योंकि मैं दुर्बल हूँ। मेरे अत्याचारियों से मुझे बचा, क्योंकि वे मुझे से शक्तिशाली हैं। 8मुझे बन्दीगृह से निकाल, जिससे मैं तेरा नाम धन्य कहूँ। जब तू मेरा उपकार करेगा, तो धर्मी मेरे चारों ओर एकत्र हो जायेंगे।