सन्ध्या-वन्दना

पास्का का पाँचवाँ सप्ताह - शुक्रवार


अगुआ : हे ईश्वर, हमारी सहायता करने आ जा।

समूह : हे प्रभु, हमारी सहायता करने शीघ्र ही आ जा।


अगुआ : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

समूह : जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


मंगलगान


अग्र. 1 : मसीह इसलिए दरिद्र बने कि हम धनी बन जायें; अल्लेलूया।


स्तोत्र 40 रोगी की प्रार्थना।

धन्य है वह, जो दरिद्र की सुधि लेता है!
विपत्ति के दिन प्रभु उसका उद्धार करता है।
प्रभु पृथ्वी पर उसे सुरक्षित रखता और सुख-शान्ति प्रदान करता है।
वह उसे उसके शत्रुओं के हाथों पड़ने नहीं देता।

प्रभु उसे रोग-शय्या पर सान्त्वना देता और उसका बिस्तर बदलता है।
मैंने कहा, "प्रभु! मुझ पर दया कर,
मुझे चंगा कर, क्योंकि मैंने तेरे विरुद्ध पाप किया है।"

मेरे शत्रु यह कहते हुए मेरा अहित चाहते हैं।
"वह कब मरेगा और उसका नाम नहीं रहेगा?"
यदि कोई मुझ से मिलने आता है, तो वह झूठ बोलता है।

वह मन में मेरी बुराई की सामग्री भरता
और बाहर आते ही मेरी निन्दा करता है।

मेरे सब बैरी मिलकर मेरे विरुद्ध फुसफुसाते
और मेरी दुर्दशा के विषय में यह कहते हैं:
"वह एक अशुभ रोग से ग्रस्त है।
उसके लग जाने के बाद कोई रोग-शय्या से नहीं उठता।"

जिस पर मुझे भरोसा था, जिसने मेरी रोटी खायी,
उस अभिन्न मित्र ने भी मुझ पर लात चलायी है।

परन्तु तू, प्रभु! मुझ पर दया कर;
मुझे चंगा कर और मैं उन से बदला चुकाऊँगा।
मेरा शत्रु मुझ पर विजयी नहीं हुआ,
इस से मैं जानता हूँ कि तू मुझ पर प्रसन्न है।

मेरी निर्दोषता के कारण तूने मुझे संभाला
और सदा के लिए मुझे अपने सान्निध्य में रखा है।
प्रभु, इस्राएल का ईश्वर
सदा-सर्वदा धन्य है। आमेन, आमेन।

अग्र. : मसीह इसलिए दरिद्र बने कि हम धनी बन जायें; अल्लेलूया।

अग्र. 2 : एक नदी की धाराएँ ईश्वर के नगर को आनन्द प्रदान करती है; अल्लेलूया।


स्तोत्र 45 ईश्वर ; आश्रय और सामर्थ्य।

ईश्वर हमारा आश्रय और सामर्थ्य है।
वह संकट में सदा हमारा सहचर है।

इसलिए हम नहीं डरते-चाहे पृथ्वी काँप उठे,
चाहे पर्वत समुद्र के गर्त में डूब जायें,
चाहे सागर की प्रचण्ड लहरें फेन उगले
और पर्वत उनकी टक्कर से हिल जायें

विश्वमण्डल का प्रभु हमारे साथ है,
याकूब का ईश्वर हमारा गढ़ है।
एक नदी की धाराएँ ईश्वर के नगर को
सर्वोच्च ईश्वर के पवित्र निवासस्थान को आनन्द प्रदान करती हैं।
ईश्वर उस नगर में रहता है, वह कभी पराजित नहीं होगा।
ईश्वर प्रातःकाल उसकी सहायता करेगा।

विश्वमण्डल का प्रभु हमारे साथ है,
याकूब का ईश्वर हमारा गढ़ है।

राष्ट्रों में खलबली मची हुई है, राज्य डग-मगाते हैं।
प्रभु की वाणी सुन कर पृथ्वी पिघलती है

विश्वमण्डल का प्रभु हमारे साथ है,
याकूब का ईश्वर हमारा गढ़ है।

आओ! प्रभु के महान कार्यों का मनन करो
वह पृथ्वी पर अपूर्व चमत्कार दिखाता है।
वह पृथ्वी भर के युद्धों को शान्त करता
वह धनुष को तोड़ता, भाले के टुकड़े-टुकड़े करता

और युद्ध-रथों को अग्नि में भस्म कर देता है।
शान्त हो और जान लो कि मैं ही ईश्वर हूँ,
विश्वमण्डल का प्रभु हमारे साथ है,
याकूब का ईश्वर हमारा गढ़ है।

अग्र. : एक नदी की धाराएँ ईश्वर के नगर को आनन्द प्रदान करती है; अल्लेलूया।

अग्र. 3 : हम प्रभु के आदर में गीत गायें, उसकी विजय महान है; अल्लेलूया।


भजन स्तुति : प्रकाशना 15:3-4

सर्वशक्तिमान् प्रभु-ईश्वर! तेरे कार्य महान् और अपूर्व हैं।
राष्ष्ट्रों के राजा! तेरे मार्ग न्यायसंगत और सच्चे हैं।

प्रभु! कौन तुझ पर श्रद्धा और तेरे नाम की स्तुति नहीं करेगा?
क्योंकि तू ही पवित्र है।

सभी राष्ष्ट्र आ कर तेरी आराधना करेंगे,
क्योंकि तेरे न्यायसंगत निर्णय प्रकट हो गये हैं।

अग्र. : हम प्रभु के आदर में गीत गायें, उसकी विजय महान है; अल्लेलूया।

धर्मग्रन्थ-पाठ : इब्रानियों 5:8-10

ईश्वर का पुत्र होने पर भी उन्होंने दुःख सह कर आज्ञापालन सीखा। वह पूर्ण रूप से सिद्ध बन कर और ईश्वर से मेलखि़सेदेक की तरह प्रधानयाजक की उपाधि प्राप्त कर उन सबों के लिए मुक्ति के स्रोत बन गये, जो उनकी आज्ञाओं का पालन करते हैं।

लघु अनुवाक्य
अगुआ : सब शिष्य आनन्दित हो उठे; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
समूह : सब शिष्य आनन्दित हो उठे; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
• उन्होंने प्रभु को देखा।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

मरियम गान


अग्र. : अपने मित्रों के लिए अपने प्राण अर्पित करने से बढ़ कर किसी का प्रेम नहीं; अल्लेलूया।

"मेरी आत्मा प्रभु का गुणगान करती है,
मेरा मन अपने मुक्तिदाता ईश्वर में आनन्द मनाता है;

क्योंकि उसने अपनी दीन दासी पर कृपादृष्टि की है।
अब से सब पीढ़ियाँ मुझे धन्य कहेंगी;
क्योंकि सर्वशक्तिमान् ने मेरे लिए महान् कार्य किये हैं।
पवित्र है उसका नाम!

उसकी कृपा उसके श्रद्धालु भक्तों पर
पीढ़ी-दर-पीढ़ी बनी रहती है।
उसने अपना बाहुबल प्रदर्शित किया है,
उसने घमण्डियों को तितर-बितर कर दिया है।

उसने शक्तिशालियों को उनके आसनों से गिरा दिया
और दीनों को महान् बना दिया है।
उसने दरिंद्रों को सम्पन्न किया
और धनियों को ख़ाली हाथ लौटा दिया है।

इब्राहीम और उनके वंश के प्रति
अपनी चिरस्थायी दया को स्मरण कर,
उसने हमारे पूर्वजों के प्रति अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार
अपने दास इस्राएल की सुध ली है।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : अपने मित्रों के लिए अपने प्राण अर्पित करने से बढ़ कर किसी का प्रेम नहीं; अल्लेलूया।


सामूहिक निवेदन

अगुआ :आइये, हम ख्रीस्त येसु से निवेदन करें, वही मार्ग, सत्य और जीवन हैं।
समूह : जीवन्त ईश्वर के पुत्र, अपनी प्रजा को आशीर्वाद दे।
• हम कलीसिया के सभी परिचारकों के लिए प्रार्थना करते हैं – जिस तरह वे अपने भाई-बहनों के लिए जीवन्त रोटी परोसते हैं, उसी तरह वे स्वयं भी आध्यात्मिक पुष्टि पायें।
• हम समस्त ख्रीस्तीय समुदाय के लिए प्रार्थना करें – वे अपने ख्रीस्तीय आह्वान के प्रति निष्ठावान बने रहें और आत्मा की एकता को शान्ति के सूत्र में बनाये रखें।
• हम अपने देश के प्रशासकों के लिए प्रार्थना करें जिससे वे सहिष्णुता और न्याय से अपना पद-भार संभालें – विश्व-भर में शान्ति स्थापित करने में तू उन्हें सहायता प्रदार कर।
• संतों की संगति में तेरा स्तुतिगान करने के लिए हमें योग्य बना। हमारे मृत भाई-बहनोंको भी तू संतों की संगति में सम्मिलित कर दे।

हे हमारे पिता ....


समापन प्रार्थना

अगुआ :हे प्रभु ईश्वर, पास्का-रहस्य द्वारा हमारे जीवन का पुननिर्माण कर। जिस रहस्य का हम सानन्द अनुष्ठान करते हैं, वह हमें निरन्तर सुरक्षा और मुक्ति प्रदान करे। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!