प्रभात वन्दना

पास्का का तीसरा सप्ताह- बृहस्पतिवार


अगुआ : प्रभु! हमारे अधरों को खोल दे।

समूह : और हम तेरे नाम का गुणगान करेंगे।


आमंत्रक स्तोत्र

आमन्त्रक अग्र. : प्रभु सचमुच जी उठे हैं; अल्लेलूया।

मंगलगान


अग्र. 1 : नृत्य करते हुये हम गीत गायेंगे, हे ईश्वर के नगर, तू हमारे जीवन तथा आनन्द का स्रोत है; अल्लेलूया।


स्तोत्र 86 येरूसालेम : सब राष्ट्रों की माता।

प्रभु ने पवित्र पर्वत पर अपना नगर बसाया है।
वह याकूब के अन्य नगरों की अपेक्षा
सियोन के फाटकों को अधिक प्यार करता है।
ईश्वर के नगर लोग तेरा गुणगान करते हैं।

"मिस्र और बाबुल के लोग उसके नागरिक कहलायेंगे।
फिलिस्तिया, तीरुस और इथोपिया
सियोन को अपना जन्मस्थान मानेंगे।
"सब लोग सियोन को अपनी माता कहेंगे;
क्योंकि सब वहीं उत्पन्न हुए हैं।

सर्वोच्च प्रभु उसे सुदृढ़ बनाये रखता है।"
प्रभु राष्ट्रों की सूची में उनके विषय में लिखता है
कि सियोन उनका जन्मस्थान है।
सब-के-सब नृत्य करते हुए सियोन का गुणगान करते हैं।

अग्र. : नृत्य करते हुये हम गीत गायेंगे, हे ईश्वर के नगर, तू हमारे जीवन तथा आनन्द का स्रोत है; अल्लेलूया।

अग्र. 2 : चरवाहे की तरह वह अपने रेवड़ की देखभाल करेगा और अपनी बाँहों में उन्हें वहन करेगा; अल्लेलूया।


भजन स्तुति : इसायाह 40:10-17

देखो प्रभु-ईश्वर सामध्र्य के साथ आ रहा है।
वह सब कुछ अपने अधीन कर लेगा।
वह अपना पुरस्कार अपने साथ ला रहा है
और उसका विजयोपहार भी उसके साथ है।

वह गड़ेरिये की तरह अपना रेवड़ चराता है।
वह मेमने को उठा कर अपनी छाती से लगा लेता
और दूध पिलाने वाली भेडें धीरे-धीरे ले चलता है।

किसने सागर का जल अपनी अंजलि से मापा?
या आकाश का विस्तार अपने बित्ते से निर्धारित किया है?
किसने पृथ्वी की मिट्ठी टोकरे में उठायी है?
किसने पर्वतों को तुला पर या पहाड़ियों को तराजू पर तौला है?

किसने प्रभु के मन की थाह ली
या परामर्शदाता के रूप में उसे समझाया है?

प्रभु ने शिक्षा पाने के लिए किस से परामर्श लिया?
किसने प्रभु को न्याय का मार्ग दिखाया?
किसने प्रभु को ज्ञान की शिक्षा दी
या उसे विवेक का मार्ग दिखया?

निश्चय ही राष्ट्र घड़े में बूँद के सदृश हैं।
वे पलड़े पर धूलि के बराबर माने जाते हैं।

प्रभु द्वीपों को रजकण के समान उठा लेता है।
न तो लेबानोन र्का इंधन और न उसके पशु
प्रभु के यथायोग्य होम-बलि के लिए पर्याप्त हैं।

सभी राष्ट्र उनके सामने नगण्य हैं;
वे उसकी दृष्टि में नहीं के बराबर हैं।

अग्र. : चरवाहे की तरह वह अपने रेवड़ की देखभाल करेगा और अपनी बाँहों में उन्हें वहन करेगा; अल्लेलूया।

अग्र. 3 : प्रभु सियोन में महान है; वह सब राष्ट्रों में सर्वश्रेष्ठ है; अल्लेलूया।


स्तोत्र 98 हमारा प्रभु-ईश्वर पवित्र है।

प्रभु राज्य करता है। राष्ट्र भयभीत हों।
वह केरूबों पर विराजमान है। पृथ्वी काँप उठे।
प्रभु सियोन में महान् है।
वह सब राष्ट्रों से ऊँचा है।

वे उसके विराट् एवं श्रद्धेय नाम का गुणगान करें।
प्रभु पवित्र है। शक्तिशाली न्यायप्रिय राजा!
तूने अपरिवर्तनीय न्याय स्थापित किया,
तू याकूब में निष्पक्षता से न्याय करता है।

हमारे प्रभु-ईश्वर को धन्य कहो,
उसके पावदान को दण्डवत् करो।
प्रभु पवित्र है।

हारून और मूसा उसके पुरोहित थे,
समूएल उसकी उपासना करता था।
उन्होंने प्रभु को पुकारा और उसने उनकी सुनी।

उसने बादल के खम्भे में से उन से बातें कीं।
उन्होंने प्रभु की आज्ञाओं और नियमों का पालन किया।

हमारे प्रभु-ईश्वर! तूने उनकी प्रार्थना सुनी।
तूने उन्हें अपराध का दण्ड दिया, किन्तु उन्हें क्षमा भी प्रदान की।

हमारे प्रभु-ईश्वर को धन्य कहो,
उसके पवित्र पर्वत को दण्डवत् करो।
हमारा प्रभु-ईश्वर पवित्र है।

अग्र. : प्रभु सियोन में महान है; वह सब राष्ट्रों में सर्वश्रेष्ठ है; अल्लेलूया।

धर्मग्रन्थ-पाठ : रोमियों 8:10-11

यदि मसीह आप में निवास करते हैं, तो पाप के फलस्वरूप शरीर भले ही मर जाये, किन्तु पापमुक्ति के फलस्वरूप आत्मा को जीवन प्राप्त है। जिसने येसु को मृतकों में से जिलाया, यदि उसका आत्मा आप लोगों में निवास करता है, तो जिसने येसु मसीह को मृतकों में से जिलाया, वह अपने आत्मा द्वारा, जो आप में निवास करता है, आपके नश्वर शरीरों को भी जीवन प्रदान करेगा।

लघु अनुवाक्य
अगुआ : प्रभु मृतकों में से जी उठे हैं; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
समूह : प्रभु मृतकों में से जी उठे हैं; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
• वह हमारे लिए क्रूस पर मर गये।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा कि महिमा हो।

ज़ाकरी गान

अग्र. : जो मुझमें विश्वास करता है, उसे अनन्त जीवन प्राप्त है; अल्लेलूया।

धन्य है प्रभु, इस्राएल का ईश्वर!
उसने अपनी प्रजा की सुध ली है
और उसका उद्धार किया है।
उसने अपने दास दाऊद के वंश में
हमारे लिए एक शक्तिशाली मुक्तिदाता उत्पन्न किया है।

वह अपने पवित्र नबियों के मुख से
प्राचीन काल से यह कहता आया है
कि वह शत्रुओं और सब बैरियों के हाथ से हमें छुड़ायेगा
और अपने पवित्र विधान को स्मरण कर
हमारे पूर्वजों पर दया करेगा।

उसने शपथ खा कर हमारे पिता इब्राहीम से कहा था
कि वह हम को शत्रुओं के हाथ से मुक्त करेगा,
जिससे हम निर्भयता, पवित्रता और धार्मिकता से
जीवन भर उसके सम्मुख उसकी सेवा कर सकें।

बालक! तू सर्वोच्च ईश्वर का नबी कहलायेगा,
क्योंकि प्रभु का मार्ग तैयार करने
और उसकी प्रजा को उस मुक्ति का ज्ञान कराने के लिए,
जो पापों की क्षमा द्वारा उसे मिलने वाली है,
तू प्रभु का अग्रदूत बनेगा।

हमारे ईश्वर की प्रेमपूर्ण दया से
हमें स्वर्ग से प्रकाश प्राप्त हुआ है,
जिससे वह अन्धकार और मृत्यु की छाया में बैठने वालों को ज्योति प्रदान करे
और हमारे चरणों को शान्ति-पथ पर अग्रसर करे।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : जो मुझमें विश्वास करता है, उसे अनन्त जीवन प्राप्त है; अल्लेलूया।


सामूहिक निवेदन

अगुआ : आइये, हम उस येसु मसीह से निवेदन करें। वह मृतकों में से जी उठ कर अपनी कलीसिया में सदा जीवित रहते हैं।
समूह : हे प्रभु, तू सदा हमारे साथ रह।
• हे प्रभु, तूने पाप और मृत्यु पर विजय पायी है – तू हमारे बीच अपने अमर जीवन के साथ विराजमान रह।
• तू हमारे पास अपने अपार सामर्थ्य के साथ आ जा और हमारे जीवन में ईश्वर की प्रेममय करुणा प्रकट कर।
• तू ही मानवों में मेल-मिलाप करा सकता है और उनके अभ्यन्तर में नयी चेतना भर सकता है – दुनिया को विभाजित करने वाले मतभेदों का अन्त कर दे।
• तेरी अन्तिम विजय पर हमारा विश्वास सुदृढ़ कर दे – तेरे पुनरागमन की प्रतीक्षा में हम अपने को सबल पायें।

हे हमारे पिता ....


समापन प्रार्थना

अगुआ :हे सर्वशक्तिमान शाश्वत ईश्वर, इस पास्का-काल में जब तूने अपने प्रेम की गहराई हमें प्रकट की है, हमारा हृदय तेरे प्रेम के प्रति अधिकाधिक खोल दे। तूने हमें अज्ञानता के अंधकार से छुड़ाया है। अब हमें तेरे सत्य-शिक्षा से अधिकाधिक अनुरक्त कर दे। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!