सन्ध्या-वन्दना

पास्का का तीसरा सप्ताह - शुक्रवार


अगुआ : हे ईश्वर, हमारी सहायता करने आ जा।

समूह : हे प्रभु, हमारी सहायता करने शीघ्र ही आ जा।


अगुआ : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

समूह : जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


मंगलगान


अग्र. 1 :मैं प्रभु तुम्हारा मुक्तिदाता हूँ। मैं प्रभु तुम्हारा उध्दारक हूँ; अल्लेलूया।


स्तोत्र 134:1-12 चमत्कारक प्रभु का स्तुतिगान। (1)

प्रभु के नाम की स्तुति करो!
प्रभु के सेवकों! जो प्रभु के मन्दिर में,
हमारे ईश्वर के प्रांगण में रहते हो, उसकी स्तुति करो।

प्रभु की स्तुति करो! वह भला है।
उसके नाम की स्तुति करो! वह प्रेममय है।
प्रभु ने याकूब को चुना है;
उसने इस्राएल को अपनी प्रजा बनाया है।

मैं जानता हूँ कि प्रभु महान है,
हमारा प्रभु सब अन्य देवताओं से महान् है।
आकाश में, पृथ्वी पर, समुद्रों और उनकी गहराइयों में
प्रभु जो चाहता है, वही करता है।

वह पृथ्वी की सीमान्तों से बादल ले आता
और वर्षा के लिए बिजली चमकाता है।
वह अपने भण्डारों से पवन निकालता है।

उसने मिस्र में मनुष्यों और पशुओं,
दोनों के पहलौठों को मारा।
ओ मिस्र! उसने तुझ में फिराउन और
उसके सब सेवकों के विरुद्ध चिन्ह और चमत्कार दिखाये।

उसने बहुत से राष्ट्रों को हराया और
शक्तिशाली राजाओं को मारा,
अमोरियों के राजा सीहोन को, बाशान के राजा ओग को
और कनान के सब राजाओं को।

उसने उनका देश अपनी प्रजा इस्राएल को
विरासत के रूप में दे दिया।

अग्र. : मैं प्रभु तुम्हारा मुक्तिदाता हूँ। मैं प्रभु तुम्हारा उध्दारक हूँ; अल्लेलूया।

अग्र. 2 : धन्य है हमारे पिता दाऊद का राज्य, जो हमारे बीच में आया है; अल्लेलूया।


स्तोत्र 134:13-21 चमत्कारक प्रभु का स्तुतिगान। (2)

प्रभु तेरा नाम चिरस्थायी है।
प्रभु तेरी स्मृति पीढ़ी-दर-पीढ़ी बनी रहती है।
प्रभु अपनी प्रजा को न्याय दिलाता
और अपने भक्तों पर दया करता है।

राष्ट्रों की देवमूर्तियाँ चाँदी और सोने की हैं,
वे मनुष्यों द्वारा बनायी गयी हैं।
उनके मुख हैं, किन्तु वे नहीं बोलती;
आँखें हैं, किन्तु वे नहीं देखती;

उनके कान हैं, किन्तु वे नहीं सुनतीं
और वे साँस भी नहीं लेतीं।
जो उन्हें बनाते हैं, वे उनके सदृश बनेंगे
और वे सब भी, जो उन पर भरोसा रखते हैं।

इस्राएल के घराने! प्रभु को धन्य कहें;
हारून के घराने! प्रभु को धन्य कहें;
लेवी के घराने! प्रभु को धन्य कहें;
जो प्रभु पर श्रद्धा रखते हैं, वे प्रभु को धन्य कहें!

धन्य है सियोन का प्रभु,
जो येरूसालेम में निवास करता है!

अग्र. : धन्य है हमारे पिता दाऊद का राज्य, जो हमारे बीच में आया है; अल्लेलूया।

अग्र. 3 : हम प्रभु के गीत गायें; महान हैं उसकी विजय; अल्लेलूया।


भजन स्तुति : प्रकाशना 15:3-4

सर्वशक्तिमान् प्रभु-ईश्वर! तेरे कार्य महान् और अपूर्व हैं।
राष्ष्ट्रों के राजा! तेरे मार्ग न्यायसंगत और सच्चे हैं।

प्रभु! कौन तुझ पर श्रद्धा और तेरे नाम की स्तुति नहीं करेगा?
क्योंकि तू ही पवित्र है।

सभी राष्ष्ट्र आ कर तेरी आराधना करेंगे,
क्योंकि तेरे न्यायसंगत निर्णय प्रकट हो गये हैं।

अग्र. : हम प्रभु के गीत गायें; महान हैं उसकी विजय; अल्लेलूया।

धर्मग्रन्थ-पाठ : इब्रानियों 5:8-10

ईश्वर का पुत्र होने पर भी उन्होंने दुःख सह कर आज्ञापालन सीखा। वह पूर्ण रूप से सिद्ध बन कर और ईश्वर से मेलखि़सेदेक की तरह प्रधानयाजक की उपाधि प्राप्त कर उन सबों के लिए मुक्ति के स्रोत बन गये, जो उनकी आज्ञाओं का पालन करते हैं।

लघु अनुवाक्य
अगुआ : सब शिष्य आनन्दित हो उठे; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
समूह : सब शिष्य आनन्दित हो उठे; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
• उन्होंने प्रभु को देखा।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

मरियम गान


अग्र. : मसीह क्रूस पर मर गये और मृत्यु से जी उठे, जिससे हमारा उध्दार हो सके; अल्लेलूया।

"मेरी आत्मा प्रभु का गुणगान करती है,
मेरा मन अपने मुक्तिदाता ईश्वर में आनन्द मनाता है;

क्योंकि उसने अपनी दीन दासी पर कृपादृष्टि की है।
अब से सब पीढ़ियाँ मुझे धन्य कहेंगी;
क्योंकि सर्वशक्तिमान् ने मेरे लिए महान् कार्य किये हैं।
पवित्र है उसका नाम!

उसकी कृपा उसके श्रद्धालु भक्तों पर
पीढ़ी-दर-पीढ़ी बनी रहती है।
उसने अपना बाहुबल प्रदर्शित किया है,
उसने घमण्डियों को तितर-बितर कर दिया है।

उसने शक्तिशालियों को उनके आसनों से गिरा दिया
और दीनों को महान् बना दिया है।
उसने दरिंद्रों को सम्पन्न किया
और धनियों को ख़ाली हाथ लौटा दिया है।

इब्राहीम और उनके वंश के प्रति
अपनी चिरस्थायी दया को स्मरण कर,
उसने हमारे पूर्वजों के प्रति अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार
अपने दास इस्राएल की सुध ली है।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : मसीह क्रूस पर मर गये और मृत्यु से जी उठे, जिससे हमारा उध्दार हो सके; अल्लेलूया।


सामूहिक निवेदन

अगुआ :आइये, हम ख्रीस्त येसु से निवेदन करें, वही मार्ग, सत्य और जीवन हैं।
समूह : जीवन्त ईश्वर के पुत्र, अपनी प्रजा को आशीर्वाद दे।
• हम कलीसिया के सभी परिचारकों के लिए प्रार्थना करते हैं – जिस तरह वे अपने भाई-बहनों के लिए जीवन्त रोटी परोसते हैं, उसी तरह वे स्वयं भी आध्यात्मिक पुष्टि पायें।
• हम समस्त ख्रीस्तीय समुदाय के लिए प्रार्थना करें – वे अपने ख्रीस्तीय आह्वान के प्रति निष्ठावान बने रहें और आत्मा की एकता को शान्ति के सूत्र में बनाये रखें।
• हम अपने देश के प्रशासकों के लिए प्रार्थना करें जिससे वे सहिष्णुता और न्याय से अपना पद-भार संभालें – विश्व-भर में शान्ति स्थापित करने में तू उन्हें सहायता प्रदार कर।
• संतों की संगति में तेरा स्तुतिगान करने के लिए हमें योग्य बना। हमारे मृत भाई-बहनोंको भी तू संतों की संगति में सम्मिलित कर दे।

हे हमारे पिता ....


समापन प्रार्थना

अगुआ :हे सर्वशक्तिमान ईश्वर, हमें अपने प्रभु के पुनरुत्थान की कृपा-निधि का ज्ञान प्राप्त हुआ है। हमें यह वर दे कि तेरे पवित्र आत्मा प्रजा को उन्हीं के साथ पुनर्जीवित होने की कृपा प्रदान कर। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!