पूर्व सन्ध्या-वन्दना

स्वर्गारोहण


अगुआ : हे ईश्वर, हमारी सहायता करने आ जा।

समूह : हे प्रभु, हमारी सहायता करने शीघ्र ही आ जा।


अगुआ : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

समूह : जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


मंगलगान

जयघोषों के साथ सृष्टि का स्वामी ऊपर जाता है।
तुरही प्रभु की विजय सुनाती स्वर्गलोक मुस्काता है।

परम पिता की महिमा है जो, वही ख्रीस्त की महिमा है,
बैठ दाहिने ईश्वर के वह, पाता अतुलित गरिमा है,
स्वर्गलोक से भी ऊपर तक मनुष्यत्व उठ जाता है॥

येसु हमें जीवन देने को, उस दिन फिर जब आयेगा,
अश्रु पोंछ देगा आँखों से, सबको एक बनायेगा।
येसु हमारा जीवन-धन है, वही शान्ति-सुखदाता है॥

हे प्रभुवर! यह विनय हमारी, भेजो सुत अपना सत्वर,
एक बना दे सकल विश्व को, प्रेमात्मा हममें बसकर,
त्रेकेश्वर की महिमा मानव गाते नहीं उघाता है॥

अग्र. 1 : मैं पिता के यहाँ से संसार में आया हूँ। अब मैं संसार को छोड़ कर पिता के पास जा रहा हूँ; अल्लेलूया।


स्तोत्र 112 प्रभु का नाम धन्य है।

प्रभु के सेवकों! स्तुतिगान करो! प्रभु के नाम की स्तुति करो!
धन्य है प्रभु का नाम, अभी और अनन्त काल तक!
सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रभु के नाम की स्तुति हो।

प्रभु सभी राष्ट्रों का शासक है।
उसकी महिमा आकाश से भी ऊँची है।
हमारे प्रभु-ईश्वर के सदृश कौन?
वह उच्च सिंहासन पर विराजमान हो कर
स्वर्ग और पृथ्वी, दोनों पर दृष्टि रखता है।

वह धूल में से दीन को और कूड़े पर से दरिद्र को ऊपर उठाता है।
वह उन्हें शासकों के साथ बैठाता है,
अपनी प्रजा के शासकों के साथ।
वह वन्ध्या को आनन्द प्रदान कर
उसे पुत्रवती माता के रूप में घर में बसाता है।

अग्र. : मैं पिता के यहाँ से संसार में आया हूँ। अब मैं संसार को छोड़ कर पिता के पास जा रहा हूँ; अल्लेलूया।

अग्र. 2 : प्रभु येसु अपने शिष्यों से बातें करने के बाद स्वर्ग में आरोहित कर लिए गये और ईश्वर के दाहिने विराजमान हो गये; अल्लेलूया।


स्तोत्र 116 परम दयालु प्रभु की स्तुति

समस्त जातियो1 प्रभु की स्तुति करो।
समस्त राष्ट्रो! उनकी महिमा गाओ।
क्योंकि हमारे प्रति उसका प्रेम समर्थ है,
उसकी सत्यप्रतिज्ञता सदा-सर्वदा बनी रहती है।

अग्र. प्रभु येसु अपने शिष्यों से बातें करने के बाद स्वर्ग में आरोहित कर लिए गये और ईश्वर के दाहिने विराजमान हो गये; अल्लेलूया।

अग्र. 3 : जो पहले स्वर्ग से उतरा है, उसके सिवा कोई भी स्वर्ग नहीं पहुँचा है। वही मानव पुत्र है जो स्वर्ग में विराजमान है; अल्लेलूया।


भजन स्तुति : प्रकाशना 11:17-18, 12:10-12

"सर्वशक्तिमान् प्रभु-ईश्वर, जो है और जो था!
हम तुझे धन्यवावद देते हैं,

क्योंकि तूने अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन किया
और राज्याधिकार ग्रहण कर लिया है।
’राष्ट्र क्रुद्ध हो गये थे, किन्तु तेरा क्रोध आ गया है
और वह समय भी, जब मृतकों का न्याय किया जायेगा;

जब तेरे सेवकों, तेरे नबियों और तेरे सन्तों को
पुरस्कार दिया जायेगा और उन सबों को भी, चाहे वे छोटे या बड़े हों,
जो तेरे नाम पर श्रद्धा रखते हैं;

अब हमारे ईश्वर की विजय, सामर्थ्य तथा राजत्व
और उसके मसीह का अधिकार प्रकट हुआ है;

क्योंकि हमारे भाइयों का वह अभियोक्ता नीचे गिरा दिया गया है,
जो दिन-रात ईश्वर के सामने उस पर अभियोग लगाया करता था।
वे मेमने के रक्त और अपने साक्ष्य के द्वारा उस पर विजयी हुए,
क्योंकि उन्होंने अपने जीवन का मोह छोड़ कर मृत्यु का स्वागत किया;
इसलिए स्वर्ग और उसके निवासी आनन्द मनायें।

अग्र. :जो पहले स्वर्ग से उतरा है, उसके सिवा कोई भी स्वर्ग नहीं पहुँचा है। वही मानव पुत्र है जो स्वर्ग में विराजमान है; अल्लेलूया।


धर्मग्रन्थ-पाठ : एफेसियो 2:4-6

ईश्वर की दया अपार है। हम अपने पापों के कारण मर गये थे, किन्तु उसने हमें इतना प्यार किया कि उसने हमें मसीह के साथ जीवन प्रदान किया। उसकी कृपा ने आप लोगों का उद्धार किया। उसने ईसा मसीह के द्वारा हम लोगों को पुनर्जीवित किया और स्वर्ग में बैठाया।

लघु अनिवाक्य :
अगुआ : जय-जयकार के नाद में ईश्वर आगे बढ़ता है; अल्लेलूया।
समूह : जय-जयकार के नाद में ईश्वर आगे बढ़ता है; अल्लेलूया।
• तुरही के निनाद में वह आगे बढ़ता है।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।


मरिया गान

अग्र. : हे पिता, तूने जिन लोगों को मुझे सौंपा है, उन पर मैंने तेरा नाम प्रकट किया है। मैं संसार के लिए नहीं; बल्कि उनके लिए विनती करता हूँ जिन्हें तूने मुझे सौंपा है; अल्लेलूया।

धन्य है प्रभु, इस्राएल का ईश्वर!
उसने अपनी प्रजा की सुध ली है
और उसका उद्धार किया है।
उसने अपने दास दाऊद के वंश में
हमारे लिए एक शक्तिशाली मुक्तिदाता उत्पन्न किया है।

वह अपने पवित्र नबियों के मुख से
प्राचीन काल से यह कहता आया है
कि वह शत्रुओं और सब बैरियों के हाथ से हमें छुड़ायेगा
और अपने पवित्र विधान को स्मरण कर
हमारे पूर्वजों पर दया करेगा।

उसने शपथ खा कर हमारे पिता इब्राहीम से कहा था
कि वह हम को शत्रुओं के हाथ से मुक्त करेगा,
जिससे हम निर्भयता, पवित्रता और धार्मिकता से
जीवन भर उसके सम्मुख उसकी सेवा कर सकें।

बालक! तू सर्वोच्च ईश्वर का नबी कहलायेगा,
क्योंकि प्रभु का मार्ग तैयार करने
और उसकी प्रजा को उस मुक्ति का ज्ञान कराने के लिए,
जो पापों की क्षमा द्वारा उसे मिलने वाली है,
तू प्रभु का अग्रदूत बनेगा।

हमारे ईश्वर की प्रेमपूर्ण दया से
हमें स्वर्ग से प्रकाश प्राप्त हुआ है,
जिससे वह अन्धकार और मृत्यु की छाया में बैठने वालों को ज्योति प्रदान करे
और हमारे चरणों को शान्ति-पथ पर अग्रसर करे।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : हे पिता, तूने जिन लोगों को मुझे सौंपा है, उन पर मैंने तेरा नाम प्रकट किया है। मैं संसार के लिए नहीं; बल्कि उनके लिए विनती करता हूँ जिन्हें तूने मुझे सौंपा है; अल्लेलूया।


सामूहिक निवेदन


अगुआ :आनन्द विभोर होकर, पिता के दायें विराजमान – ख्रीस्त येसु से हम निवेदन करें।
समूह : येसु मसीह तू प्रतापी राजा है।
• हे प्रतापी राजा, तुझमें हमारा नश्वर शरीर महिमान्वित होकर ऊपर उठा लिया गया है – पाप की दुष्टता से हमें बचा और हममें अमर जीवन कायम कर।
• प्रेम से प्रेरित होकर हमारे उध्दार के लिए तू स्वर्ग से उतर आया – उसी प्रेम-मार्ग पर चल कर हम तेरी ओर अग्रसर होवें।
• तूने सब लोगों को अपनी ओर ले चलने का वचन दिया था – हममें से किसी को भी अपने से अलग न होने दे।
• तू स्वर्ग में आरोहित हुआ है – हम दिलोजान से सदा तुझसे संयुक्त रहें।
• हम न्याय के दिन तेरे महिमामय आगमन की प्रतीक्षा करते हैं – सभी मृत भाई-बहनों के साथ हम तेरे मुख-मण्डल के तेज के दर्शन कर सकें।

हे हमारे पिता ....



समापन प्रार्थना


अगुआ :हे सर्वशक्तिमान ईश्वर, अपने पुत्र के स्वर्गारोहण के पुनीत आनन्द से हमें भर दे और श्र्ध्दापूर्ण प्रेम से तुझे धन्यवाद देना हमें सिखा। तुने हमें उसी के साथ पुनर्जीवित किया है, जहाँ वह हमारा शीर्ष महिमान्वित होकर हमसे पहले गया है; वहीं हम, उसके अंग भी आशापूर्वक पहुँचने के लिए बुलाये गये हैं। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!