पूर्व सन्ध्या-वन्दना

पवित्र त्रित्व का महोत्सव
(पेन्तेकोस्त के बाद का रविवार)


अगुआ : हे ईश्वर, हमारी सहायता करने आ जा।

समूह : हे प्रभु, हमारी सहायता करने शीघ्र ही आ जा।


अगुआ : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

समूह : जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


मंगलगान

अग्र. 1 हे पावन त्रित्व, त्रियेक ईश्वर, योगों से पहले, अब और अनन्त काल तक तुझे महिमा हो।


स्तोत्र 112 प्रभु का नाम धन्य है।

प्रभु के सेवकों! स्तुतिगान करो! प्रभु के नाम की स्तुति करो!
धन्य है प्रभु का नाम, अभी और अनन्त काल तक!
सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रभु के नाम की स्तुति हो।

प्रभु सभी राष्ट्रों का शासक है।
उसकी महिमा आकाश से भी ऊँची है।
हमारे प्रभु-ईश्वर के सदृश कौन?
वह उच्च सिंहासन पर विराजमान हो कर
स्वर्ग और पृथ्वी, दोनों पर दृष्टि रखता है।

वह धूल में से दीन को और कूड़े पर से दरिद्र को ऊपर उठाता है।
वह उन्हें शासकों के साथ बैठाता है,
अपनी प्रजा के शासकों के साथ।
वह वन्ध्या को आनन्द प्रदान कर
उसे पुत्रवती माता के रूप में घर में बसाता है।

अग्र. हे पावन त्रित्व, त्रियेक ईश्वर, योगों से पहले, अब और अनन्त काल तक तुझे महिमा हो।

अग्र. 2 पावन त्रित्व और अखंड एकता धन्य हो। उसकी हम स्तुति करें, क्योंकि उसने हम पर दया दिखायी है।


स्तोत्र 147 येरूसालेम का पुनर्निर्माण।

येरूसालेम! प्रभु की स्तुति कर।
सियोन! अपने ईश्वर का गुणगान कर।

उसने तेरे फाटकों के अर्गल सुदृढ़ बना दिये,
उसने तेरे यहाँ के बच्चों को आशीर्वाद दिया।
वह तेरे प्रान्तों में शान्ति बनाये रखता
और तुझे उत्तम गेहूँ से तृप्त करता है।

वह पृथ्वी को अपना आदेश देता है,
उसकी वाणी शीघ्र ही फैल जाती है।
वह ऊन की तरह हिम बरसाता
और राख की तरह पाला गिराता है।

वह ओले के कण छितराता है।
ठण्ड के सामने कौन टिक सकता है?
वह आदेश देता है और बर्फ पिघलती है।
वह पवन भेजता है और जलधाराएँ बहती हैं।

वह याकूब को अपना आदेश देता
और इस्राएल के लिए अपना विधान घोषित करता है।
उसने किसी अन्य राष्ट्र के लिए ऐसा नहीं किया।
उसने उनके लिए अपने नियम नहीं प्रकट किये।

अग्र. पावन त्रित्व और अखंड एकता धन्य हो। उसकी हम स्तुति करें, क्योंकि उसने हम पर दया दिखायी है।

अग्र. 3 त्रित्व की एकता में पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा ईश्वर का युगानुयुग सम्मान और महिमा हो।


भजन स्तुति : एफेसियों 1:3-10

धन्य है हमारे प्रभु येसु मसीह का ईश्वर और पिता!
उसने मसीह द्वारा हम लोगों को स्वर्ग के हर प्रकार के
आध्यात्मिक वरदान प्रदान किये हैं।

उसने संसार की सृष्टि से पहले मसीह में हम को चुना,
जिससे हम मसीह से संयुक्त हो कर
उसकी दृष्टि में पवित्र तथा निष्कलंक बनें।

उसने प्रेम से प्रेरित हो कर आदि में ही निर्धारित किया
कि हम ईसा मसीह द्वारा उसके दत्तक पुत्र बनेंगे।

इस प्रकार उसने अपनी मंगलमय इच्छा के अनुसार
अपने अनुग्रह की महिमा प्रकट की है।

वह अनुग्रह हमें उसके प्रिय पुत्र द्वारा मिला है,
जो अपने रक्त द्वारा हमें मुक्ति अर्थात् अपराधों की क्षमा दिलाते हैं।

यह ईश्वर की अपार कृपा का परिणाम है,
जिसके द्वारा वह हमें प्रज्ञा तथा बुद्धि प्रदान करता रहता है।

उसने अपनी मंगलमय इच्छा के अनुसार निश्चय किया था
कि वह समय पूरा हो जाने पर स्वर्ग तथा पृथ्वी में जो कुछ है,
वह सब मसीह के अधीन कर एकता में बाँध देगा।

अग्र. त्रित्व की एकता में पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा ईश्वर का युगानुयुग सम्मान और महिमा हो।

धर्मग्रन्थ-पाठ : रोमियों 11:33-36

कितना अगाध है ईश्वर का वैभव, प्रज्ञा और ज्ञान! कितने दुर्बोध हैं उसके निर्णय! कितने रहस्यमय हैं उसके मार्ग! प्रभु का मन कौन जान सका? उसका परामर्शदाता कौन हुआ? किसने ईश्वर को कभी कुछ दिया है जो वह बदले में कुछ पाने का दावा कर सके? ईश्वर सब कुछ का मूल कारण, प्रेरणा-स्रोत तथा लक्ष्य है - उसी को अनन्त काल तक महिमा! आमेन!
लघु अनुवाक्य :
अगुआ : हम पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा को धन्य कहें। उसकी युगानुयुग प्रशंसा करें।
समूह : हम पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा को धन्य कहें। उसकी युगानुयुग प्रशंसा करें।
• परमेश्वर का आदर और सम्मान किया जाये।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।


मरिया गान

अग्र. : हे पिता ईश्वर, हे एकलौते पुत्र और पवित्र आत्मा, हम अपने मन और वचन से तेरा गुणगान करते हैं, तेरी आराधना करते हैं और तुझे धन्य कहते हैं – युगानुयुग तेरी महिमा हो।

धन्य है प्रभु, इस्राएल का ईश्वर!
उसने अपनी प्रजा की सुध ली है
और उसका उद्धार किया है।
उसने अपने दास दाऊद के वंश में
हमारे लिए एक शक्तिशाली मुक्तिदाता उत्पन्न किया है।

वह अपने पवित्र नबियों के मुख से
प्राचीन काल से यह कहता आया है
कि वह शत्रुओं और सब बैरियों के हाथ से हमें छुड़ायेगा
और अपने पवित्र विधान को स्मरण कर
हमारे पूर्वजों पर दया करेगा।

उसने शपथ खा कर हमारे पिता इब्राहीम से कहा था
कि वह हम को शत्रुओं के हाथ से मुक्त करेगा,
जिससे हम निर्भयता, पवित्रता और धार्मिकता से
जीवन भर उसके सम्मुख उसकी सेवा कर सकें।

बालक! तू सर्वोच्च ईश्वर का नबी कहलायेगा,
क्योंकि प्रभु का मार्ग तैयार करने
और उसकी प्रजा को उस मुक्ति का ज्ञान कराने के लिए,
जो पापों की क्षमा द्वारा उसे मिलने वाली है,
तू प्रभु का अग्रदूत बनेगा।

हमारे ईश्वर की प्रेमपूर्ण दया से
हमें स्वर्ग से प्रकाश प्राप्त हुआ है,
जिससे वह अन्धकार और मृत्यु की छाया में बैठने वालों को ज्योति प्रदान करे
और हमारे चरणों को शान्ति-पथ पर अग्रसर करे।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : हे पिता ईश्वर, हे एकलौते पुत्र और पवित्र आत्मा, हम अपने मन और वचन से तेरा गुणगान करते हैं, तेरी आराधना करते हैं और तुझे धन्य कहते हैं – युगानुयुग तेरी महिमा हो।


सामूहिक निवेदन


अगुआ :हे पिता तूने पवित्र आत्मा के द्वारा अपने पुत्र ख्रीस्त येसु को मनुष्य के रूप में हमारे लिए दिया है कि उनके द्वारा हमें जीवन प्राप्त हो। पवित्र आत्मा की स्तुति में हम अपने हृदय को तेरी ओर उठाकर कहते हैं ...
समूह : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।
• हे सर्वशक्तिमान शाश्वत ईश्वर, अपने पुत्र के नाम पर पवित्र आत्मा को कलीसिया में भेज दे – वह सान्त्वनादाता हमें एकता, प्रेम तथा सत्य की पूर्णता में सुरक्षित रखे।
• हे प्रभु, कटनी के लिए अपने बनिहारों को भेज दे कि वे पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा के नाम पर समस्त जातियों को बपतिस्मा दें – तू सबको विश्वास में सबल बनाये रख।
• हे प्रभु, जो तेरे पुत्र में विश्वास करने के कारण कष्ट सहते हैं, उन सबको सहारा दे – उन पर सत्य का आत्मा भेज दे जो प्रभु की प्रतिज्ञा के अनुसार, उनके द्वारा बोलेगा।
• हे पिता, सब ख्रीस्त-भक्त विश्वासी यह मानते हैं कि तू और तेरा अनादि पुत्र और पवित्र आत्मा एक है। जैसे कि हम एक ईश्वर में विश्वास करते हैं, वैसे ही हम तुझ पर आशा रखें और तुझे प्यार करें।
• हे जीवितों के पिता! जो तेरा महिमा-गान करने के लिए स्वर्ग सिधार चुके हैं, उन्हें भी अपने पास बुला ले – वे तेरे पुत्र और पवित्र आत्मा के साथ स्वर्ग में तेरे संग युगानुयुग राज्य करें।

हे हमारे पिता ....



समापन प्रार्थना


अगुआ :हे पिता ईश्वर, तूने अपने अनादि शब्द और पवित्र आत्मा को इस संसार में भेज कर मनुष्यों को अपना अगाध रहस्य प्रकट किया है। हमें यह कृपा दे कि हम सच्चा धर्म स्वीकार करते हुए, शाश्वत त्रित्व में अपना विश्वास प्रकट करें और उसकी अतुल्य एकता की आराधना करें। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!