अपर सन्ध्या-वन्दना

पास्का का सातवाँ रविवार


अगुआ : हे ईश्वर, हमारी सहायता करने आ जा।

समूह : हे प्रभु, हमारी सहायता करने शीघ्र ही आ जा।


अगुआ : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

समूह : जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


मंगलगान


अग्र. 1 : वह पापों के लिए प्रायश्चित चढ़ाने के बाद ईश्वर के दाहिने विराजमान हो गये; अल्लेलूया।


स्तोत्र 109 मसीह : राजा और याजक।

प्रभु ने मेरे प्रभु ने कहा: "तुम मेरे दाहिने बैठ जाओ।
मैं तुम्हारे शत्रुओं को तुम्हारा पावदान बना दूँगा।"

ईश्वर सियोन से आपके राज्याधिकार का विस्तार करेगा।
आप दूर तक अपने शत्रुओं के देश पर शासन करेंगे।

आपकी सेना के संघटन के दिन
आपकी प्रजा आपका साथ देगी।

आपके सैनिक सुसज्जित हो कर
प्रभात की ज्योति में ओस की तरह चमकेंगे।

ईश्वर की यह शपथ अपरिवर्तनीय है
"तुम मेलखीसेदेक की तरह सदा पुरोहित बने रहोगे"।

ईश्वर आपके दाहिने विराजमान है।
जिस दिन राजा का क्रोध भड़क उठेगा,
वह अन्य राजाओं को कुचल देंगे।

वह मार्ग में जलस्रोत का पानी पी कर
अपना सिर ऊँचा करेंगे।

अग्र. : वह पापों के लिए प्रायश्चित चढ़ाने के बाद ईश्वर के दाहिने विराजमान हो गये; अल्लेलूया।

अग्र. 2 : प्रभु ने अपनी प्रजा का उध्दार किया है; अल्लेलूया।


स्तोत्र 110 प्रभु के महान्‍ कार्य।

धर्मियों की गोष्ठी में, लोगों की सभा में
मैं सारे हृदय से प्रभु की स्तुति करूँगा।
प्रभु के कार्य महान हैं।
भक्त जन उनका मनन करते हैं।

उसके कार्य प्रतापी और ऐश्वर्यमय हैं।
उसकी न्यायप्रियता युग-युगों तक स्थिर है।
प्रभु के कार्य स्मरणीय हैं।
प्रभु दयालु और प्रेममय है।

वह अपने भक्तों को तृप्त करता
और अपने विधान का सदा स्मरण करता है।
उसने अपनी प्रजा को राष्ट्रों की भूमि दिला कर
अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन किया।

उसके कार्य सच्चे और सुव्यवस्थित हैं।
उसके सभी नियम अपरिवर्तनीय हैं।
वे युग-युगों तक बने रहेंगे।
उनके मूल में न्याय और सत्य हैं।

उसने अपनी प्रजा का उद्धार किया
और अपना विधान सदा के लिए निश्चित किया।
उसका नाम पवित्र और पूज्य है।

प्रज्ञा का मूल स्रोत प्रभु पर श्रद्धा है।
जो उसकी आज्ञाओं का पालन करते हैं,
वे अपनी बुद्धिमानी का प्रमाण देते हैं।
प्रभु की स्तुति अनन्त काल तक होती है।

अग्र. : प्रभु ने अपनी प्रजा का उध्दार किया है; अल्लेलूया।

अग्र. 3 : अल्लेलूया, प्रभु हमारा इश्वर राजा है। हम सानन्द उसकी महिमा करें; अल्लेलूया।


भजन स्तुति : प्रकाशना 19:1-2, 5-7

अल्लेलूया!
हमारे ईश्वर को विजय, महिमा और सामर्थ्य,
क्योंकि उसके निर्णय सच्चे और न्याय-संगत हैं। अल्लेलूया!

अल्लेलूया!
"तुम सब, जो ईश्वर की सेवा करते हो
और तुम छोटे-बड़े, जो उस पर श्रद्धा रखते हो,
हमारे ईश्वर की स्तुति करो।" अल्लेलूया!

अल्लेलूया!
हमारे सर्वशक्तिमान् प्रभु-ईश्वर ने राज्याधिकार ग्रहण किया है।
हम उल्लसित हो कर आनन्द मनायें
और ईश्वर की महिमा गायें, अल्लेलूया!

अल्लेलूया!
क्योंकि मेमने के विवाहोत्सव का समय आ गया है।
उसकी दुल्हन अपना श्रृंगार कर चुकी है। अल्लेलूया!

अग्र. : अल्लेलूया, प्रभु हमारा इश्वर राजा है। हम सानन्द उसकी महिमा करें; अल्लेलूया।

धर्मग्रन्थ-पाठ : इब्रानियों 10:12-14

पापों के लिए एक ही बलिदान चढ़ाने के बाद, मसीह सदा के लिए ईश्वर के दाहिने विराजमान हो गये हैं, जहाँ वह उस समय की राह देखते हैं, जब उनके शत्रुओं को उनका पावदान बना दिया जायेगा; क्योंकि वह जिन लोगों को पवित्र करते हैं, उन को उन्होंने एक ही बलिदान द्वारा सदा के लिए पूर्णता तक पहुँचा दिया है।
लघु अनुवाक्य :
अगुआ : पवित्र आत्मा हमारा सहायक है; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
समूह : पवित्र आत्मा हमारा सहायक है; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
• वही तुम्हें सारी बातें सिखायेगा।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।


मरियम गान


अग्र. : जब पिता के यहाँ से आने वाला वह सत्य का आत्मा, वह सहायक आयेगा, तो वह मेरे विषय में साक्ष्य देगा; अल्लेलूया।

"मेरी आत्मा प्रभु का गुणगान करती है,
मेरा मन अपने मुक्तिदाता ईश्वर में आनन्द मनाता है;

क्योंकि उसने अपनी दीन दासी पर कृपादृष्टि की है।
अब से सब पीढ़ियाँ मुझे धन्य कहेंगी;
क्योंकि सर्वशक्तिमान् ने मेरे लिए महान् कार्य किये हैं।
पवित्र है उसका नाम!

उसकी कृपा उसके श्रद्धालु भक्तों पर
पीढ़ी-दर-पीढ़ी बनी रहती है।
उसने अपना बाहुबल प्रदर्शित किया है,
उसने घमण्डियों को तितर-बितर कर दिया है।

उसने शक्तिशालियों को उनके आसनों से गिरा दिया
और दीनों को महान् बना दिया है।
उसने दरिंद्रों को सम्पन्न किया
और धनियों को ख़ाली हाथ लौटा दिया है।

इब्राहीम और उनके वंश के प्रति
अपनी चिरस्थायी दया को स्मरण कर,
उसने हमारे पूर्वजों के प्रति अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार
अपने दास इस्राएल की सुध ली है।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


अग्र. : जब पिता के यहाँ से आने वाला वह सत्य का आत्मा, वह सहायक आयेगा, तो वह मेरे विषय में साक्ष्य देगा; अल्लेलूया।

सामूहिक निवेदन


अगुआ : ख्रीस्त येसु ने इस बात पर बल दिया कि हम प्रार्थना किया करें। उन्होंने पवित्र आत्मा को भेज कर हमारे हृदयों को अपने वरदानों से भर दिया।
समूह : पवित्र आत्मा हमारे लिए विनय करे।
• हमारी आत्माओं के चरवाहे, तू अपनी कलीसिया के चरवाहों को समझदारी एवं विवेक प्रदान कर – वे तेरी विश्वासी प्रजा को मुक्ति-मार्ग पर ले चलें।
• स्वर्गिक प्रभु येसु, तू दयावान एवं सहृदय है – उन दीन-दरिद्रों को तू मत भूल जो दैनिक जीवन की समस्याओं का सामना करते रहते हैं।
• पवित्र आत्मा की शक्ति से कुँवारी मरियम से तूने जन्म लिया – अपनी कलीसिया की सेवा में समर्पित धर्म-संघिनियों में तू सेवा-भाव संजोये रख।
• हे ख्रीस्त येसु, हमारे महायाजक, पवित्र आत्मा द्वारा तू अपने पिता को महिमान्वित करता है – तू अपने महिमागान में सभी लोगों को सम्मिलित कर।
• मृत-विश्वासियों को ईश्वर के पुत्र-पुत्रियोम की महिमामय स्वतंत्रता और शारीरिक मुक्ति की पूर्णता प्रदान कर।

हे हमारे पिता ....


समापन प्रार्थना


अगुआ :हे प्रभु ईश्वर, हम विश्वास करते हैं कि मनुष्यों के मुक्तिदाता मसीह तेरे साथ महिमा में विराजमान हैं। हमारी प्रार्थना सुन ले और उनके प्रतिज्ञानुसार हमें युगानुयुग उनके सान्निध्य का अनुभव करने दे। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!