अपर सन्ध्या वन्दना

स्वर्गारोहण


अगुआ : हे ईश्वर, हमारी सहायता करने आ जा।

समूह : हे प्रभु, हमारी सहायता करने शीघ्र ही आ जा।


अगुआ : पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

समूह : जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।


मंगलगान

जयघोषों के साथ सृष्टि का स्वामी ऊपर जाता है।
तुरही प्रभु की विजय सुनाती स्वर्गलोक मुस्काता है।

परम पिता की महिमा है जो, वही ख्रीस्त की महिमा है,
बैठ दाहिने ईश्वर के वह, पाता अतुलित गरिमा है,
स्वर्गलोक से भी ऊपर तक मनुष्यत्व उठ जाता है॥

येसु हमें जीवन देने को, उस दिन फिर जब आयेगा,
अश्रु पोंछ देगा आँखों से, सबको एक बनायेगा।
येसु हमारा जीवन-धन है, वही शान्ति-सुखदाता है॥

हे प्रभुवर! यह विनय हमारी, भेजो सुत अपना सत्वर,
एक बना दे सकल विश्व को, प्रेमात्मा हममें बसकर,
त्रेकेश्वर की महिमा मानव गाते नहीं उघाता है॥

अग्र. 1 : वह स्वर्ग में आरोहित कर लिये गये और ईश्वर के दाहिने विराजमान हैं।


स्तोत्र 109:1-5,7 मसीह : राज और याजक।

प्रभु ने मेरे प्रभु ने कहा: "तुम मेरे दाहिने बैठ जाओ।
मैं तुम्हारे शत्रुओं को तुम्हारा पावदान बना दूँगा।"

ईश्वर सियोन से आपके राज्याधिकार का विस्तार करेगा।
आप दूर तक अपने शत्रुओं के देश पर शासन करेंगे।

आपकी सेना के संघटन के दिन
आपकी प्रजा आपका साथ देगी।

आपके सैनिक सुसज्जित हो कर
प्रभात की ज्योति में ओस की तरह चमकेंगे।

ईश्वर की यह शपथ अपरिवर्तनीय है
"तुम मेलखीसेदेक की तरह सदा पुरोहित बने रहोगे"।

ईश्वर आपके दाहिने विराजमान है।
जिस दिन राजा का क्रोध भड़क उठेगा,
वह अन्य राजाओं को कुचल देंगे।

वह मार्ग में जलस्रोत का पानी पी कर
अपना सिर ऊँचा करेंगे।

अग्र. : वह स्वर्ग में आरोहित कर लिये गये और ईश्वर के दाहिने विराजमान हैं।

अग्र. 2 : जयजयकार के नाद में ईश्वर आगे बढ़ता है, वह तुरही के निनाद में आगे बढ़ता है; अल्लेलूया।


स्तोत्र 46 प्रभु सार्वभौम राजा है।

सभी राष्ट्रों! तालियाँ बजाओ
और उल्लसित हो कर ईश्वर का जयकार करो;
क्योंकि वह प्रभु है, सर्वोच्च है, आराध्य है।
वह समस्त पृथ्वी का महान् राजा है।

वह अन्य देशों को हमारे अधीन करता है,
वह अन्य राष्ट्रों को हमारे पैरों तले रखता है।
वह हमें वह विरासत प्रदान करता है,
जिस पर उसके कृपापात्र याकूब को गौरव था।

ईश्वर जयकार के साथ आगे बढ़ता है।
वह तुरही के घोष के साथ आगे बढ़ता है।
हमारे ईश्वर के आदर में भजन गाओ,
हमारे राजा के आदर में भजन गाओ।

ईश्वर समस्त पृथ्वी का राजा है।
उसके आदर में शिक्षा-गीत सुनाओ।
ईश्वर सभी राष्ट्रों पर राज्य करता है।
वह अपने सिंहासन पर विराजमान है।

अन्य राष्ट्रों के शासक
इब्राहीम के ईश्वर की प्रजा से मेल करते हैं।
पृथ्वी के शासक ईश्वर के अधीन है।
ईश्वर सबों पर राज्य करता है।

अग्र. : जयजयकार के नाद में ईश्वर आगे बढ़ता है, वह तुरही के निनाद में आगे बढ़ता है; अल्लेलूया।

अग्र. 3 : अब मानव पुत्र महिमान्वित हुआ है, और उसमें ईश्वर भी महिमान्वित हुआ है। अल्लेलुया।


भजन स्तुति : प्रकाशना 11:17-18; 12:10-12

"सर्वशक्तिमान् प्रभु-ईश्वर, जो है और जो था!
हम तुझे धन्यवावद देते हैं,

क्योंकि तूने अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन किया
और राज्याधिकार ग्रहण कर लिया है।

’राष्ट्र क्रुद्ध हो गये थे, किन्तु तेरा क्रोध आ गया है
और वह समय भी, जब मृतकों का न्याय किया जायेगा;

जब तेरे सेवकों, तेरे नबियों और तेरे सन्तों को पुरस्कार दिया जायेगा
और उन सबों को भी, चाहे वे छोटे या बड़े हों,
जो तेरे नाम पर श्रद्धा रखते हैं;

अब हमारे ईश्वर की विजय, सामर्थ्य तथा राजत्व
और उसके मसीह का अधिकार प्रकट हुआ है;

क्योंकि हमारे भाइयों का वह अभियोक्ता नीचे गिरा दिया गया है,
जो दिन-रात ईश्वर के सामने उस पर अभियोग लगाया करता था।

वे मेमने के रक्त और अपने साक्ष्य के द्वारा उस पर विजयी हुए,
क्योंकि उन्होंने अपने जीवन का मोह छोड़ कर
मृत्यु का स्वागत किया;
इसलिए स्वर्ग और उसके निवासी आनन्द मनायें।

अग्र. : अब मानव पुत्र महिमान्वित हुआ है, और उसमें ईश्वर भी महिमान्वित हुआ है। अल्लेलुया।


धर्मग्रन्थ-पाठ : 1 पेत्रुस 3:18, 22

मसीह भी एक बार पापों के प्रायश्चित के लिए मर गये, धर्मी अधर्मियों के लिए मर गये, जिससे वह हम लोगों को ईश्वर के पास ले जाये, वह शरीर की दृष्टि से तो मारे गये, किन्तु आत्मा द्वारा जिलाये गये। येसु स्वर्ग गये और स्वर्ग के सभी दूतों को अपने अधीन कर ईश्वर के दाहिने विराजमान हैं।

लघु अनुवाक्य
अगुआ : मैं अपने पिता और तुम्हारे पिता के पास जा रहा हूँ; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
समुह : मैं अपने पिता और तुम्हारे पिता के पास जा रहा हूँ; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
• मैं अपने ईश्वर और तुम्हारे ईश्वर के पास जा रहा हूँ।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

मरिया गान

अग्र. : हे प्रतापी राजा, सर्वशक्तिमान प्रभु, आज तू विराजमान होकर सर्वोच्च स्वर्ग में चढ़ गया है। हमें अगुए की सहायता से वंचित न कर, हमें अनाथ न छोड़। जिसे भेजने का तूने वचन दिया है, उस सस्त्य के आत्मा को, पिता के विशिष्ट दान को हमारे लिए भेज; अल्लेलूया।

धन्य है प्रभु, इस्राएल का ईश्वर!
उसने अपनी प्रजा की सुध ली है
और उसका उद्धार किया है।
उसने अपने दास दाऊद के वंश में
हमारे लिए एक शक्तिशाली मुक्तिदाता उत्पन्न किया है।

वह अपने पवित्र नबियों के मुख से
प्राचीन काल से यह कहता आया है
कि वह शत्रुओं और सब बैरियों के हाथ से हमें छुड़ायेगा
और अपने पवित्र विधान को स्मरण कर
हमारे पूर्वजों पर दया करेगा।

उसने शपथ खा कर हमारे पिता इब्राहीम से कहा था
कि वह हम को शत्रुओं के हाथ से मुक्त करेगा,
जिससे हम निर्भयता, पवित्रता और धार्मिकता से
जीवन भर उसके सम्मुख उसकी सेवा कर सकें।

बालक! तू सर्वोच्च ईश्वर का नबी कहलायेगा,
क्योंकि प्रभु का मार्ग तैयार करने
और उसकी प्रजा को उस मुक्ति का ज्ञान कराने के लिए,
जो पापों की क्षमा द्वारा उसे मिलने वाली है,
तू प्रभु का अग्रदूत बनेगा।

हमारे ईश्वर की प्रेमपूर्ण दया से
हमें स्वर्ग से प्रकाश प्राप्त हुआ है,
जिससे वह अन्धकार और मृत्यु की छाया में बैठने वालों को ज्योति प्रदान करे
और हमारे चरणों को शान्ति-पथ पर अग्रसर करे।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : हे प्रतापी राजा, सर्वशक्तिमान प्रभु, आज तू विराजमान होकर सर्वोच्च स्वर्ग में चढ़ गया है। हमें अगुए की सहायता से वंचित न कर, हमें अनाथ न छोड़। जिसे भेजने का तूने वचन दिया है, उस सस्त्य के आत्मा को, पिता के विशिष्ट दान को हमारे लिए भेज; अल्लेलूया।


सामूहिक निवेदन


अगुआ :आइये, हम उस प्रभु से निवेदन करें जो सब कुछ अपनी ओर आकर्षित करते हुए पृथ्वी पर से ऊपर उठा लिये गये हैं।
समूह : हे ख्रीस्त येसु, तू प्रतापी राजा है।
• हे प्रभु येसु, तूने पाप के लिए एकमात्र बलिदान चढ़ाया और तू महिमान्वित होकर पिता के पास स्वर्ग में आरोहित हुआ – जिन्हें तू पवित्र कह रहा है, उनकी पवित्रता पूर्णता में पहुँचा दे।
• हे शाश्वत पुरोहित, नये व्यवस्थान के अनुष्ठाता, तू जीवित है और हमारे लिए मध्यस्थता करता रहता है – प्रार्थना में तेरी ओर उन्मुख, तेरी प्रजा की रक्षा कर।
• तूने अपने दुख-भोग के बाद, अपने शिष्यों को दर्शन दिये जिससे वे जान गये कि तू जीवित है – हमारा यह विश्वास तू दृढ़ कर कि आज तू हमारे साथ है।
• आज के दिन, तूने अपने शिष्यों पर पवित्र आत्मा को भेजने का वचन दिया था, जिससे वे तेरा सुसमाचारी सन्देश दुनिया के ओर-छोर तक फैला दें – तू दुनिया के सामने अपना साक्ष्य देने के लिए हमें सबल बना।

हे हमारे पिता ....



समापन प्रार्थना


अगुआ :हे सर्वशक्तिमान ईश्वर, अपने पुत्र के स्वर्गारोहण के पुनीत आनन्द से हमें भर दे और श्र्ध्दापूर्ण प्रेम से तुझे धन्यवाद देना हमें सिखा। तुने हमें उसी के साथ पुनर्जीवित किया है, जहाँ वह हमारा शीर्ष महिमान्वित होकर हमसे पहले गया है; वहीं हम, उसके अंग भी आशापूर्वक पहुँचने के लिए बुलाये गये हैं। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!