प्रभात वन्दना

पास्का का पाँचवाँ सप्ताह- बुधवार


अगुआ : प्रभु! हमारे अधरों को खोल दे।

समूह : और हम तेरे नाम का गुणगान करेंगे।


आमंत्रक स्तोत्र

आमन्त्रक अग्र. : प्रभु सचमुच जी उठे हैं; अल्लेलूया।

मंगलगान


अग्र. 1 : हे प्रभु, तुझ में ही जीवन का स्रोत है; अल्लेलूया


स्तोत्र 35 पापी की दुष्टता और प्रभु की दयालुता।

दुष्ट के हृदय में पाप बोलता है,
उसके हृदय में ईश्वर की श्रद्धा नहीं।
वह अपने को धोखा देता है,
और अपना दोष स्वीकार करना नहीं चाहता।

वह पाप और कपट की बातें ही करता है;
वह भलाई का बोध खो चुका है।
वह अपनी शय्या पर पाप की योजना बनाता है,
उसने कुमार्ग पर चलने का संकल्प किया है,
वह बुराई से घृणा नहीं करता।

प्रभु! तेरा प्रेम स्वर्ग तक फैला हुआ है,
आकाश की तरह ऊँची है तेरी सत्यप्रतिज्ञता
ऊँचे पर्वतों के सदृश है तेरा न्याय,
अथाह समुद्र के सदृश तेरे निर्णय।

प्रभु! तू मनुष्यों और पशुओं की रक्षा करता है।
ईश्वर! कितनी अपार है तेरी सत्यप्रतिज्ञता।
मनुष्यों को तेरे पंखों की छाया में शरण मिलती है।

तू उन्हें अपने घर के उत्तम व्यंजनों से तृप्त करता
और अपने आनन्द की नदी का जल पिलाता है।
तू ही जीवन का स्रोत है,
तेरी ही ज्योति में हम ज्योति देखते हैं।

अपने भक्तों के प्रति अपना प्रेम
और धर्मियों के प्रति अपनी न्यायप्रियता बनाये रख।
घमण्डी का पैर मुझे नहीं रौंदे;
दुष्टों का हाथ मुझे घर से न निकाले।

देखो! कुकर्मियों का पतन हो गया है,
वे इस प्रकार पछाड़े गये कि उठ नहीं सकते।

अग्र. : हे प्रभु, तुझ में ही जीवन का स्रोत है; अल्लेलूया

अग्र. 2 : तूने अपना आत्मा भेजा और सबका निर्माण हुआ; अल्लेलूया!


भजन स्तुति : यूदीत 16:1-2, 13-15

डफली बजाते हुये मेरे ईश्वर के आदर में भजन गाओ,
झाँझ बजाते हुए ईश्वर के आदर में गीत गाओ,
उसके लिए स्तुति के भजन की रचना करो,
उसका नाम लेते हुए यशोगान करो।
क्योंकि प्रभु युद्ध समाप्त करने वाला ईश्वर है।

हम अपने ईश्वर के आदर में नया गीत गायें।
प्रभु! तू महान् और महिमान्वित है,
तेरा सामर्थ्य आश्चर्यजनक और अद्वितीय है।

समस्त सृष्टि तेरी सेवा करे,
क्योंकि तेरे शब्द-मात्र से सब कुछ अस्तित्व में आया है।
तूने अपना आत्मा भेजा है और सब कुछ बन गया है।
कोई भी तेरी वाणी का विरोध नहीं कर सकता।

समुद्र और पर्वतों के आधार हिल जायेंगे,
तेरे आगमन पर चट्टानें मोम की तरह पिघल जायेंगी,
परन्तु जो तुझ पर श्रद्धा रखते हैं, तू उन पर दया करेगा।

अग्र. : तूने अपना आत्मा भेजा और सबका निर्माण हुआ; अल्लेलूया!

अग्र. 3 : ईश्वर समस्त पृथ्वी का राजा है, सारी शक्ति से उसका स्तुतिगान करो; अल्लेलूया।


स्तोत्र 46 प्रभु सार्वभोम राजा है।

सभी राष्ट्रों! तालियाँ बजाओ
और उल्लसित हो कर ईश्वर का जयकार करो;
क्योंकि वह प्रभु है, सर्वोच्च है, आराध्य है।
वह समस्त पृथ्वी का महान् राजा है।

वह अन्य देशों को हमारे अधीन करता है,
वह अन्य राष्ट्रों को हमारे पैरों तले रखता है।
वह हमें वह विरासत प्रदान करता है,
जिस पर उसके कृपापात्र याकूब को गौरव था।

ईश्वर जयकार के साथ आगे बढ़ता है।
वह तुरही के घोष के साथ आगे बढ़ता है।
हमारे ईश्वर के आदर में भजन गाओ,
हमारे राजा के आदर में भजन गाओ।

ईश्वर समस्त पृथ्वी का राजा है।
उसके आदर में शिक्षा-गीत सुनाओ।
ईश्वर सभी राष्ट्रों पर राज्य करता है।
वह अपने सिंहासन पर विराजमान है।

अन्य राष्ट्रों के शासक
इब्राहीम के ईश्वर की प्रजा से मेल करते हैं।
पृथ्वी के शासक ईश्वर के अधीन है।
ईश्वर सबों पर राज्य करता है।

अग्र. : ईश्वर समस्त पृथ्वी का राजा है, सारी शक्ति से उसका स्तुतिगान करो; अल्लेलूया।

धर्मग्रन्थ-पाठ : रोमियों 6:8-11

हमें विश्वास है कि यदि हम मसीह के साथ मर गये हैं, तो हम उन्ही के जीवन के भी भागी होंगे; क्योंकि हम जानते हैं कि मसीह मृतको में से जी उठने के बाद फिर कभी नहीं मरेंगे। अब मृत्यु का उन पर कोई वश नहीं। वह पाप का हिसाब चुकाने के लिए एक बार मर गये और अब वह ईश्वर के लिए ही जीते हैं। आप लोग भी अपने को ऐसा ही समझिए - पाप के लिए मरा हुआ और ईसा मसीह में ईश्वर के लिए जीवित।

लघु अनुवाक्य
अगुआ : प्रभु मृतकों में से जी उठे हैं; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
समूह : प्रभु मृतकों में से जी उठे हैं; अल्लेलूया, अल्लेलूया।
• वह हमारे लिए कृस पर मर गये।
• पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

ज़ाकरी गान

अग्र. : मैं सच्ची दाखलता हूँ; अल्लेलूया। तुम डालियाँ हो; अल्लेलूया।

धन्य है प्रभु, इस्राएल का ईश्वर!
उसने अपनी प्रजा की सुध ली है
और उसका उद्धार किया है।
उसने अपने दास दाऊद के वंश में
हमारे लिए एक शक्तिशाली मुक्तिदाता उत्पन्न किया है।

वह अपने पवित्र नबियों के मुख से
प्राचीन काल से यह कहता आया है
कि वह शत्रुओं और सब बैरियों के हाथ से हमें छुड़ायेगा
और अपने पवित्र विधान को स्मरण कर
हमारे पूर्वजों पर दया करेगा।

उसने शपथ खा कर हमारे पिता इब्राहीम से कहा था
कि वह हम को शत्रुओं के हाथ से मुक्त करेगा,
जिससे हम निर्भयता, पवित्रता और धार्मिकता से
जीवन भर उसके सम्मुख उसकी सेवा कर सकें।

बालक! तू सर्वोच्च ईश्वर का नबी कहलायेगा,
क्योंकि प्रभु का मार्ग तैयार करने
और उसकी प्रजा को उस मुक्ति का ज्ञान कराने के लिए,
जो पापों की क्षमा द्वारा उसे मिलने वाली है,
तू प्रभु का अग्रदूत बनेगा।

हमारे ईश्वर की प्रेमपूर्ण दया से
हमें स्वर्ग से प्रकाश प्राप्त हुआ है,
जिससे वह अन्धकार और मृत्यु की छाया में बैठने वालों को ज्योति प्रदान करे
और हमारे चरणों को शान्ति-पथ पर अग्रसर करे।"

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक। आमेन।

अग्र. : मैं सच्ची दाखलता हूँ; अल्लेलूया। तुम डालियाँ हो; अल्लेलूया।


सामूहिक निवेदन

अगुआ : आइये, हम उस येसु मसीह से निवेदन करें जो हमारे पापों के कारण मारे गये और हमारी पाप-मुक्ति के लिए फिर जिलाये गये।
समूह : हे मृत्युंजय प्रभु, हमारी रक्षा कर।
• हे हमारे मुक्तिदाता येसु, हमें आनन्द देने के लिए तू मत्यु पर विजयी हुआ और हमें उन्नत करने के लिए मृतकों में से जी उठा – हमारे हृदयों को जागृत कर और आज आत्मा के दान से हमें पवित्र बना।
• स्वर्गदूतों का समूह तेरा स्तुतिगान करता है और मानव समूह तेरी आराधना करता है – इस पास्का-काल में हम आत्मा और सच्चाई में तेरी उपासना करें।
• हे प्रभु येसु, तू पुनरुत्थान की बाट जोहती अपनी प्रजा पर दया कर- हम पर तेरी दयालुता बनी रहे और आज हर प्रकार की बुराई से हमें बचाये रख।
• हे येसु, तू हमारा जीवन है। हम तेरे पुनरागमन की बाट जोह रहे हैं – तू हमें अपने सम्मुख प्रस्तुत होने तथा अपनी महिमा के भागी बनने दे।

हे हमारे पिता ....


समापन प्रार्थना

अगुआ :हे प्रभु, तू पापियों को पवित्र करता और निर्दोषों से विशेष प्रेम रखता है। तेरे सेवकों का हृदय सदा तुझ पर मुग्ध रहे, उनको तूने अविश्वास के अंधकार से मुक्त कर दिया है। अव वे तेरे सत्य के प्रकाशमय पथ से कभी न भटकें। हम यह प्रार्थना करते हैं, उन्हीं हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त तेरे पुत्र के द्वारा जो परमेश्वर होकर तेरे तथा पवित्र आत्मा के साथ युगानुयुग जीते और राज्य करते हैं।

समूह : आमेन।

अगुआ : प्रभु हमको आशीर्वाद दे, हर बुराई से हमारी रक्षा करे और हमें अनन्त जीवन तक ले चले।

समूह : आमेन।

अगुआ : ख्रीस्त की शांति में जाइये, अल्लेलूया, अल्लेलूया।

समूह : ईश्वर को धन्यवाद, अल्लेलूया, अल्लेलूया।


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!