1प्रभु! मैं तेरी शरण आया हूँ, मेरी रक्षा कर। 2मैं प्रभु से कहता हूँ, "तू ही मेरा ईश्वर है। तुझ में ही मेरा कल्याण है।" 3पृथ्वी के तथाकथित शक्तिशाली देवताओं से मुझे कल्याण की आशा नहीं। 4उनकी मूर्तियों असंख्य हैं, सब उनकी पूजा करने दौड़ते हैं। मैं उन्हें रक्त-बलि नहीं चढ़ाऊँगा, मैं प्रार्थना में उनका नाम नहीं लूँगा। 5प्रभु! मेरे सर्वस्व और मेरे भाग्य! तू ही मुझे संभालता है। 6मेरा दायभाग बहुत रमणीय है, वह मुझे आनन्द प्रदान करता है। 7मैं अपने परामर्शदाता ईश्वर को धन्य कहता हूँ। रात को भी मेरा अन्तःकरण मुझे पथ दिखाता है। 8मैं प्रभु को सदा अपनी आँखों के सामने रखता हूँ। वह मेरे दाहिने विराजमान हैं, मैं विचलित नहीं होऊँगा। 9मेरे हृदय में आनन्द है और मेरी आत्मा में उल्लास, मेरा शरीर भी सुरक्षित है; 10क्योंकि तू मेरी आत्मा को अधोलोक में नहीं छोड़ेगा, तू अपने भक्त को कब्र में गलने नहीं देगा। 11तू मुझे जीवन का मार्ग दिखायेगा, तेरे साथ रह कर परिपूर्ण आनन्द प्राप्त होता है और तेरे दाहिने सदा के लिए सुख-शान्ति।