1प्रभु! मैं अपनी आत्मा को तेरी और अभिमुख करता हूँ। 2मेरे ईश्वर! मैं तुझ पर भरोसा रखता हूँ, मुझे निराश न कर। मेरे शत्रु मुझ पर हावी न हो पायें। 3जो तुझ पर भरोसा रखते हैं, वे कभी निराश नहीं होते। निराश वे होते हैं, जो अकारण तुझे त्यागते हैं। 4प्रभु! मुझे अपने मार्ग का ज्ञान दे, मुझे अपने पथ की शिक्षा प्रदान कर। 5मुझे अपने सत्य के मार्ग पर ले चल, मुझे शिक्षा देने की कृपा कर; क्योंकि तू ही वह ईश्वर है, जो मुक्ति प्रदान करता है। मैं दिन भर तेरी प्रतीक्षा करता हूँ। 6प्रभु! अपनी करुणा और सत्यप्रतिज्ञता याद कर, जो अनन्त काल से बनी हुई है 7तू मेरे अपराधों और जवानी के पापों को याद न कर। प्रभु! अपनी भलाई और सत्यप्रतिज्ञता के अनुरूप मेरी सुधि ले। 8प्रभु भला और सच्चा है, इसलिए वह पापियों को मार्ग दिखाता है। 9वह दीनों को सन्मार्ग पर ले चलता और पददलितों को अपने मार्ग की शिक्षा देता है। 10जो प्रभु के विधान और उसकी आज्ञाओं का पालन करते हैं, उनके लिए उसके सब मार्ग निष्ठा और सत्य के मार्ग हैं। 11प्रभु! अपने नाम के अनुरूप मेरा अपराध क्षमा कर, हालाँकि वह भारी है। 12यदि कोई प्रभु पर श्रद्धा रखता है, तो वह उसे उचित मार्ग दिखाता है। 13उसका जीवन सुख-शान्ति में बीतेगा और उसका वंश पृथ्वी का अधिकारी होगा। 14प्रभु पर श्रद्धा रखने वाले उसके कृपापात्र हैं। वह उन्हें अपने विधान का ज्ञान कराता है। 15मेरी आँखे प्रभु पर लगी हुई हैं! क्योंकि वह मेरे पैरों को जाल से छुड़ाता है। 16मुझ पर दयादृष्टि कर, मुझ पर दया कर; क्योंकि मैं अकेला और दुःखी हूँ 17मेरे शोकसन्तप्त हृदय को सान्त्वना दे और मुझे यातनाओं से मुक्त कर। 18मेरी दुर्गति और कष्ट पर ध्यान दे, मेरे सब पाप क्षमा कर। 19यह देख कि मेरे शत्रु कितने अधिक हैं और वे मुझ से बैर और अत्याचार करते हैं। 20मेरे जीवन की रक्षा कर, मेरा उद्धार कर। मैं तेरी शरण आया हूँ, मुझे निराश न कर। 21मेरी सच्चाई और धर्मनिष्ठा मेरी रक्षा करें, क्योंकि मुझे तेरा भरोसा है। 22ईश्वर! इस्राएल को उसकी सब विपत्तियों से मुक्त कर।