स्तोत्र

अध्याय 35

1प्रभु! तू मेरे अभियोक्ताओं पर अभियोग लगा, मेरे आक्रामकों पर आक्रमण कर। 2ढाल संभाल और कवच पहन ले; उठ कर मेरी सहायता कर। 3भाला उठा कर मेरा पीछा करने वालों का मार्ग रोक। मुझे यह आश्वासन दे कि तू मेरा उद्धारक है। 4जो मेरे प्राणों के ग्राहक हैं, वे निराश और कलंकित हों। जो मेरी दुर्गति चाहते हैं, वे लज्जित हो कर पीछे हटें। 5जब प्रभु का दूत उन्हें भगा देगा, तो वे पवन द्वारा छितरायी भूसी के सदृश हों; 6जब प्रभु का दूत उनका पीछा करेगा, तो उनका मार्ग अन्धकारमय और पिच्छल हो। 7उन्होंने अकारण मेरे लिए जाल बिछाया, अकारण मेरे लिए चोरगढ़ा खोदा है। 8उनका अचानक सर्वनाश हो। जो जाल उन्होंने बिछाया, वे उस में फंसे। जो चोरगढ़ा उन्होंने खोदा, वे उस में गिरें। 9तब मैं प्रभु के कारण आनन्द मनाऊँगा; उसकी सहायता के कारण मैं उल्लसित हो उठूँगा। 10मेरी समस्त हड्डियाँ यह कहेंगी: "प्रभु! तेरे समान कौन है? तू प्रबल अत्याचारी से दर्रिद की और शोषक से दीन-हीन-की रक्षा करता है।" 11झूठे गवाह मेरे विरुद्ध खड़े हाते हैं; मैं जो बातें नहीं जानता, मुझ से उनके बारे में पूछताछ की जाती है। 12वे मुझ से भलाई का बदला बुराई से चुकाते हैं। मैं बिलकुल अकेला हूँ। 13जब वे बीमार थे, तब मैं टाट ओढ़े, उपवास करते हुए तप करता और हृदय से प्रार्थना करता 14मेरा व्यवहार ऐसा था, मानो आत्मीय या भाई बीमार हो। मैं ऐसा निरूत्साह और उदास था, जैसा कोई माता के लिए शोक मनाता हो! 15किन्तु जब मैं ठोकर खाकर गिर गया, तब वे प्रसन्न हो कर मेरे पास एकत्र हो गये। जिन को मैं नहीं जानता था, वे भी निरन्तर मेरी निन्दा करते थे। 16वे मेरे चारों ओर खड़े हो गये और दांत पीसते हुए मेरा उपहास करते थे। 17प्रभु! तू कब तक यह देखता रहेगा? इस विपत्ति से मेरा उद्धार कर, इन सिंहों से मेरे प्राण बचा। 18मैं भरी सभा में तुझे धन्यवाद दूँगा। मैं विशाल जनसमूह में तेरी स्तुति करूँगा। 19मेरे मिथ्यावादी शत्रुओं को मुझ पर हँसने न दे; जो अकारण मुझ से बैर करते हैं, वे आँख न मारें। 20वे कभी शान्ति की बातें नहीं करते; वे देश के शान्तिप्रिय लोगों की झूठी निन्दा करते हैं। 21वे गला फाड़ कर मेरे विरुद्ध बोलते हैं। वे कहते हैं "अहा! अहा! हमने उसे अपनी आँखों से देखा"। 22प्रभु! तूने यह सब देखा है। अब मौन न रह। प्रभु! मुझ से दूर न जा। 23मेरे ईश्वर! मेरे प्रभु! जाग। उठ कर मुझे न्याय दिला। 24प्रभु! मेरे ईश्वर! अपने न्याय के अनुसार मुझे निर्दोष सिद्ध कर। उन्हें मुझ पर हँसने न दे। 25वे अपने मन में यह न कहें, "अहा! अहा! हम तो यही चाहते थे"। वे यह न कहने पायें, "हम उसे निगल गये"। 26जो मेरी दुर्गति के कारण आनन्दित थे, वे सब-के-सब लज्जित और निराश हों। जो मुझे नीचा दिखाने में अपना गौरव समझते थे, वे कलंकित और अपमानित हों। 27जो मेरे लिए न्याय चाहते थे, वे उल्लसित होंगे और निरन्तर कहेंगे, "प्रभु की जय! उसने अपने सेवक को सुख-शान्ति प्रदान की।" 28तब मेरी जिह्वा तेरे न्याय का बखान करेगी और दिन भर तेरी स्तुति करेगी।