स्तोत्र

अध्याय 36

2(1-2) दुष्ट के हृदय में पाप बोलता है, उसके हृदय में ईश्वर की श्रद्धा नहीं। 3वह अपने को धोखा देता है, और अपना दोष स्वीकार करना नहीं चाहता। 4वह पाप और कपट की बातें ही करता है; वह भलाई का बोध खो चुका है। 5वह अपनी शय्या पर पाप की योजना बनाता है, उसने कुमार्ग पर चलने का संकल्प किया है, वह बुराई से घृणा नहीं करता। 6प्रभु! तेरा प्रेम स्वर्ग तक फैला हुआ है, आकाश की तरह ऊँची है तेरी सत्यप्रतिज्ञता 7ऊँचे पर्वतों के सदृश है तेरा न्याय, अथाह समुद्र के सदृश तेरे निर्णय। प्रभु! तू मनुष्यों और पशुओं की रक्षा करता है। 8ईश्वर! कितनी अपार है तेरी सत्यप्रतिज्ञता। मनुष्यों को तेरे पंखों की छाया में शरण मिलती है। 9तू उन्हें अपने घर के उत्तम व्यंजनों से तृप्त करता और अपने आनन्द की नदी का जल पिलाता है। 10तू ही जीवन का स्रोत है, तेरी ही ज्योति में हम ज्योति देखते हैं। 11अपने भक्तों के प्रति अपना प्रेम और धर्मियों के प्रति अपनी न्यायप्रियता बनाये रख। 12घमण्डी का पैर मुझे नहीं रौंदे; दुष्टों का हाथ मुझे घर से न निकाले। 13देखो! कुकर्मियों का पतन हो गया है, वे इस प्रकार पछाड़े गये कि उठ नहीं सकते।