2(1-2) ईश्वर! मुझ पर दया कर। मुझ पर अत्याचार किया जाता है। एक व्यक्ति दिन भर मुझे तंग करता है। 3मेरे शत्रु दिन भर मुझ पर अत्याचार करते हैं मेरे विरोधियों की संख्या बड़ी है। 4सर्वोच्च प्रभु! जब मैं डरने लगता हूँ, तो तुझ पर भरोसा रखता हूँ। 5मैं ईश्वर पर, जिसकी प्रतिज्ञा की स्तुति करता हूँ, मैं ईश्वर पर भरोसा रखता हूँ और नहीं डरता। निरा मनुष्य मेरा क्या कर सकता है? 6वे दिन भर मेरी निन्दा करते और मेरे विरुद्ध षड्यन्त्र रचते हैं। 7मुझे मारने के लिए वे मेरी घात में बैठे हैं और पग-पग पर मेरी निगरानी करते हैं। 8इतनी बुराई करने पर भी क्या वे बच सकेंगे? प्रभु! तेरा क्रोध उन राष्ट्रों का विनाश करे। 9मेरी विपत्तियों का विवरण और मेरे आँसुओं का लेखा तेरे पास है। 10जिस दिन मैं तेरी दुहाई दूँगा, उस दिन मेरे शत्रुओं को पीछे हटना पड़ेगा। मुझे दृढ़ विश्वास है कि ईश्वर मेरे साथ है। 11ईश्वर पर, जिसकी प्रतिज्ञा की स्तुति करता हूँ, प्रभु पर, जिसकी प्रतिज्ञा की स्तुति करता हूँ, 12मैं ईश्वर पर भरोसा रखता हूँ और नहीं डरता। निरे मनुष्य मेरा क्या कर सकते हैं? 13ईश्वर! मुझे अपनी मन्नतें पूरी करनी है। मैं तुझे धन्यवाद के बलिदान चढ़ाता हूँ, 14क्योंकि तूने मुझे मृत्यु से बचाया, तूने मेरे पैरों को नहीं फिसलने दिया, जिससे मैं जीवन की ज्योति में प्रभु के सामने चलता रहूँ।