स्तोत्र

अध्याय 57

2(1-2) मुझ पर दया कर। ईश्वर! मुझ पर दया कर। मैं तेरी शरण आया हूँ। जब तक संकट न टले, मैं तेरे पंखों की छाया में रहूँगा। 3मैं सर्वोच्च ईश्वर को पुकारता हूँ, ईश्वर को, जो मेरा हितकारी है। 4वह स्वर्ग से मेरी सहायता और मेरी रक्षा करे। मेरे अत्याचारी ने ईश-निन्दा की है। प्रभु अपना प्रेम और अपनी सत्यप्रतिज्ञता प्रदर्शित करे। 5मैं सिंहों के बीच पड़ा हुआ हूँ, आग उगलने वाले प्राणियों के बीच रहता हूँ। उनके दाँत भाले और बाण हैं और उनकी जीभ पैनी तलवार। 6ईश्वर! आकाश के ऊपर अपने को प्रदर्शित कर। समस्त पृथ्वी पर तेरी महिमा प्रकट हो। 7मनुष्यों ने मेरे पैरों के नीचे जाल बिछाया और मुझे नीचा दिखाया है। उन्होंने मेरे लिए चोरगढ़ा खोदा है, किन्तु उस में वे स्वयं गिर गये हैं। 8ईश्वर! मेरा हृदय प्रस्तुत है; प्रस्तुत है मेरा हृदय। मैं गाते-बजाते हुए भजन सुनाऊँगा। 9मेरी आत्मा! जाग। सारंगी और वीणा! जागो। मैं प्रभात को जगाऊँगा। 10प्रभु! मैं राष्ट्रों के बीच तुझे धन्य कहूँगा। मैं देश-विदेश में तेरा स्तुतिगान करूँगा; 11क्योंकि आकाश के सदृश ऊँची है तेरी सत्यप्रतिज्ञता; तारामण्डल के सदृश ऊँचा है तेरा सत्य। 12ईश्वर! आकाश के ऊपर अपने को प्रदर्शित कर। समस्त पृथ्वी पर तेरी महिमा प्रकट हो।