स्तोत्र

अध्याय 83

2(1-2) ईश्वर! मौन न रह। ईश्वर! शान्त और निष्क्रिय न रह। 3देख! तेरे शत्रु सक्रिय हैं, तेरे बैरी सिर उठा रहे हैं। 4वे तेरी प्रजा के विरुद्ध षड्यन्त्र रचते और तेरे कृपापात्रों के विरुद्ध परामर्श करते हैं। 5वे कहते हैं, "चलो, हम उन्हें राष्ट्र नहीं रहने दें, इस्राएल का नाम किसी को याद न रहे"। 6वे एकमत हो कर परामर्श करते हैं, वे तेरे विरुद्ध परस्पर सन्धि करते हैं- 7एदोम और इसमाएल के निवासी, मोआबी और हागार के वंशज, 8गबाली, अम्मोनी, अमालोकी, फिलिस्तिया और तीरुस के निवासी। 9अस्सूरी भी उन से मिल गये और उन्होंने लोट के पुत्रों का हाथ मजबूत किया। 10उनके साथ वैसा कर, जैसा तूने मिदयान के साथ किया था, जैसा तूने कीशोन नदी के पास सीसरा और याबीन के साथ किया था। 11एनदोर में उनका विनाश हुआ था; वहाँ वे भूमि की खाद बन गये थे। 12उनके राजकुमारों को ओरेब और ज़एब के सदृश बना दे, उनके सब सामन्तों को ज़बह और सलमुन्ना के सदृश, 13जो यह कहते थे, "हम ईश्वर के चरागाहों को अपने अधिकार में कर लें"। 14मेरे ईश्वर! उन्हें बवण्डर के पत्तों के सदृश, पवन में भूसी के सदृश बना दे। 15जिस तरह आग जंगल को भस्म कर देती है, जिस तरह ज्वाला पर्वतों को जलाती है; 16उसी तरह अपने तूफान से उनका पीछा कर, अपनी आँधी से उन्हें आतंकित कर। 17प्रभु! उनका मुख कलंकित कर, जिससे लोग तेरे नाम की शरण आयें। 18वे सदा के लिए लज्जित और भयभीत हों और कलंकित हो कर नष्ट हो जायें। 19वे जान जायें कि तेरा ही नाम प्रभु है, तू ही समस्त पृथ्वी पर सर्वोच्च ईश्वर है।