सूक्ति

अध्याय 8

1प्रज्ञा पुकार रही है। सद्बुद्धि आवाज दे रही है। 2वह मार्ग के किनारे की ऊँचाई पर, चैराहे पर खड़ी है। 3वह नगर के फाटकों पर, वह प्रवेश-द्वारों पर ऊँचे स्वर से पुकार रही है: 4"मनुष्यों! मैं तुम को सम्बोधित करती हूँ, मैं समस्त मानवजाति को पुकारती हूँ। 5तुम, जो भोले हो, समझदार बनो; तुम जो मूर्ख हो, बुद्धिमान बनो। 6"सुनो, मैं महत्वपूर्ण बातें बताऊँगी। मैं जो कहूँगी, वह बिलकुल सही है; 7क्योंकि मेरा मुख सत्य बोलता है। मुझे कपटपूर्ण बातों से घृणा है। 8मेरे मुख से जो शब्द निकलते है, वे सच्चे हैं; उन में कोई छल-कपट या कुटिलता नहीं। 9वे समझदारी के लिए तर्कसंगत हैं और ज्ञानियों के लिए कल्याणकारी। 10चाँदी की अपेक्षा मेरी शिक्षा ग्रहण करो, परिष्कृत सोने की अपेक्षा मेरा ज्ञान स्वीकार करो; 11क्योंकि प्रज्ञा का मूल्य मोतियों से भी बढ़कर और वह किसी भी वस्तु से अधिक वांछनीय है।" 12मैं, प्रज्ञा, समझदारी के साथ रहती हूँ। मुझे ज्ञान और विवेक प्राप्त है। 13प्रभु पर श्रद्धा बुराई से बैर करती है। मैं घमण्ड, अक्खड़पन, दुराचरण और असत्य कथन से घृणा करती हूँ। 14मुझे सत्परामर्श और विवेक प्राप्त है। मुझे में ज्ञान और शक्ति का निवास है। 15मेरे द्वारा राजा राज्य करते और न्यायाधीश न्यायसंगत निर्णय देते हैं। 16मेरे द्वारा शासक और उच्चाधिकारी पृथ्वी पर न्यायपूर्ण शासन करते हैं। 17"जो मुझ को प्यार करते है, मैं उन्हे प्यार करती हूँ। जो मुझे ढूँढ़ते हैं, वे मुझे पायेंगे। 18मेरे पास सम्पत्ति और सुयष, स्थायी धन-दौलत और समृद्धि है। 19मेरा फल सोने, परिष्कृत सोेने से बढ़कर है; मेरी उपज शुद्ध चाँदी से श्रेष्ठ है। 20मैं धार्मिकता के मार्ग पर, न्याय के पथ पर आगे बढ़ती हूँ। 21जो मुझ को प्यार करते है, मैं उन्हें सम्पत्ति प्रदान करती हूँ। मैं उनके खजाने भर देती हूँ। 22"आदि में, प्रभु ने अन्य कार्यो से पहले मेरी सृष्टि की है। 23प्रारम्भ में, पृथ्वी की उत्पत्ति से पहले, अनन्त काल पूर्व में मेरी सृष्टि हुई है। 24जिस समय मेरा जन्म हुआ था, न तो महासागर था और न उमड़ते जलस्त्रोत थे। 25मैं पर्वतों की स्थापना से पहले, पहाड़ियों से पहले उत्पन्न हुई थी। 26जब उसने पृथ्वी, समतल भूमि तथा संसार के मूल-तत्व बनाये, तो मेरा जन्म हो चुका था। 27जब उसने आकाशमण्डल का निर्माण किया और महासागर के चारों ओर वृत्त खींचा, तो मैं विद्यमान थी। 28जब उसने बादलों का स्थान निर्धारित किया और समुद्र के स्रोत उमड़ने लगे, 29जब उसने समुद्र की सीमा निश्चित की, जिससे जल तट का अतिक्रमण न करे- जब उसने पृथ्वी की नींव डाली, 30उस समय मैं कुशल शिल्पकार की तरह उसके साथ थी। मैं नित्यप्रति उसका मनोरंजन करती और उसके सम्मुख क्रीड़ा करती रही। 31मैं पृथ्वी पर सर्वत्र क्रीड़ा करती और मनुष्यों के साथ मनोरंजन करती रही।" 32पुत्र! मेरी बात सुनो। मेरे मार्ग पर चलने वाले धन्य हैं! 33मेरी शिक्षा पर ध्यान दो और प्रज्ञ बनो। उसकी उपेक्षा मत करो। 34धन्य है वह मनुष्य, जो मेरी बात सुनता, मेरे द्वार पर प्रतिदिन खड़ा रहता और मेरी देहली पर प्रतीक्षा करता है; 35क्योंकि जो मुझे पाता है, उसे जीवन और प्रभु की कृपा प्राप्त होती है। 36जो मुझे नहीं पाता, वह अपनी हानि करता है। जो मुझ से बैर रखते, वे मृत्यु को प्यार करते हैं।"