1प्रज्ञा ने अपने लिए घर बनाया है। उसने सात खम्भे खड़े किये हैं। 2उसने अपने पशुओें को मारा, अपनी अंगूरी तैयार की और अपनी मेज सजायी है। 3उसने अपनी दासियों को भेजा है और नगर की ऊँचाईयों पर यह घोषित किया: 4"जो भोला-भाला है, वह इधर आ जाये"। जो बुद्धिहीन है, उस से वह कहती है: 5"आओ! मेरी रोटी खाओ और वह अंगूरी पियों, जो मैंने तैयार की है। 6अपनी मूर्खता छोड़ दो और जीते रहोगे। बुद्धिमानी के सीधे मार्ग पर आगे बढ़ते जाओ।" 7जो अविश्वासी को शिक्षा देता है, वह अपमानित किया जाता है। जो दुष्ट को डाँटता है, वह कलंकित होता है। 8अविश्वासी को मत डाँटो, नहीं तो वह तुम से बैर रखेगा। बुद्धिमान को डाँटों और वह तुम को प्यार करेगा। 9ज्ञानी को शिक्षा दो, वह और ज्ञानी बनेगा। सदाचारी को शिक्षा दो, उसका ज्ञान बढ़ेगा। 10प्रज्ञा का मूल स्रोत प्रभु पर श्रद्धा है। बुद्धिमानी परमपावन ईश्वर का ज्ञान है; 11क्योंकि मेरे द्वारा तुम्हारे दिनों की संख्या बढ़ेगी और तुम्हारी आयु लम्बी होगी। 12यदि तुम प्रज्ञ हो, तो उस से तुम को लाभ होगा। यदि तुम अविश्वासी हो, तो उस से तुम्हें हानि होगी। 13मूर्ख स्त्री बकवाद करती है। वह नादान है और कुछ नहीं समझती। 14वह अपने घर के द्वार पर, नगर के ऊँचे स्थानों पर बैठकर 15उधर गुज़रने वालों को पुकारती है, जो सीधे आगे बढ़ना चाहते हैं: 16"जो भोला-भाला है, वह मेरे यहाँ आये"। जो नासमझ हैं, वह उन से यह कहती है: 17"चोरी का जल मीठा है, छिप कर खाये हुये व्यंजन स्वादिष्ट हैं"; 18किन्तु वे नहीं जानते कि वहाँ प्रेतों का वास है और उसके अतिथि अधोलोक में पड़े हैं।