चक्र - ब - वर्ष का दूसरा सामान्य रविवार



पहला पाठ: समुएल का पहला ग्रन्थ 3:3b-10,19

3) समूएल प्रभु के मन्दिर में, जहाँ ईश्वर की मंजूषा रखी हुई थी, सो रहा था।

4) प्रभु ने समूएल को पुकारा। उसने उत्तर दिया, ‘‘मैं प्रस्तुत हूँ’’

5) और एली के पास दौड़ कर कहा, ‘‘आपने मुझे बुलाया है, इसलिए आया हूँ।’’ एली ने कहा, ‘‘मैंने तुम को नहीं बुलाया। जा कर सो जाओ।’’ वह लौट कर लेट गया।

6) प्रभु ने फिर समूएल को पुकारा। उसने एली के पास जा कर कहा, ‘‘आपने मुझे बुलाया है, इसलिए आया हूँ।’’ एली ने उत्तर दिया, ‘‘बेटा! मैंने तुम को नहीं बुलाया। जा कर सो जाओ।’’

7) समूएल प्रभु से परिचित नहीं था - प्रभु कभी उस से नहीं बोला था।

8) प्रभु ने तीसरी बार समूएल को पुकारा। वह उठ कर एली के पास गया और उसने कहा, ‘‘आपने मुझे बुलाया, इसलिए आया हूँ।’’ तब एली समझ गया कि प्रभु युवक को बुला रहा है। 9) एली ने समूएल से कहा, ‘‘जा कर सो जाओ। यदि तुम को फिर बुलाया जायेगा, तो यह कहना, ‘प्रभु! बोल तेरा सेवक सुन रहा है।’ समूएल गया और अपनी जगह लेट गया।

10) प्रभु उसके पास आया और पहले की तरह उसने पुकारा, ‘‘समूएल! समूएल!’’ समूएल ने उत्तर दिया, ‘‘बोल, तेरा सेवक सुन रहा है।’’

19) समूएल बढ़ता गया, प्रभु उसके साथ रहा और उसने समूएल को जो वचन दिया थे, उन में से एक को भी मिट्टी में नहीं मिलने दिया

दूसरा पाठ : कुरिन्थियों के नाम सन्त पौलुस का पहला पत्र 6:13c-15a,17-20

13) किन्तु शरीर व्यभिचार के लिए नहीं, बल्कि प्रभु के लिए है और प्रभु शरीर के लिए।

14) ईश्वर ने जिस तरह प्रभु को पुनर्जीवित किया, उसी तरह वह हम लोगों को भी अपने सामर्थ्य से पुनर्जीवित करेगा।

15) क्या आप लोग यह नहीं जानते कि आपके शरीर मसीह के अंग है?

17) किन्तु जिसका मिलन प्रभु से होता है, वह उसके साथ एक आत्मा बन जाता है।

18) व्यभिचार से दूर रहें। मनुष्य के दूसरे सभी पाप उसके शरीर से बाहर हैं, किन्तु व्यभिचार करने वाला अपने ही शरीर के विरुद्ध पाप करता है।

19) क्या आप लोग यह नहीं जानते कि आपका शरीर पवित्र आत्मा का मन्दिर है? वह आप में निवास करता है और आप को ईश्वर से प्राप्त हुआ है। आपका अपने पर अधिकार नहीं है;

20) क्योंकि आप लोग कीमत पर खरीदे गये हैं। इसलिए आप लोग अपने शरीर में ईश्वर की महिमा प्रकट करें।

सुसमाचार : सन्त योहन 1:35-42

35) दूसरे दिन योहन फिर अपने दो शिष्यों के साथ वहीं था।

36) उसने ईसा को गुज़रते देखा और कहा, ‘‘देखो- ईश्वर का मेमना!’

37) दोनों शिष्य उसकी यह बात सुन कर ईसा के पीछे हो लिये।

38) ईसा ने मुड़ कर उन्हें अपने पीछे आते देखा और कहा, ‘‘क्या चाहते हो?’’ उन्होंने उत्तर दिया, ‘‘रब्बी! ’’ (अर्थात गुरुवर) आप कहाँ रहते हैं?’’

39) ईसा ने उन से कहा, ‘‘आओ और देखो’’। उन्होंने जा कर देखा कि वे कहाँ रहते हैं और उस दिन वे उनके साथ रहे। उस समय शाम के लगभग चार बजे थे।

40) जो योहन की बात सुन कर ईसा के पीछे हो लिय थे, उन दोनों में एक सिमोन पेत्रुस का भाई अन्द्रेयस था।

41) उसने प्रातः अपने भाई सिमोन से मिल कर कहा, ‘‘हमें मसीह (अर्थात् खीस्त) मिल गये हैं’’

42) और वह उसे ईसा के पास ले गया। ईसा ने उसे देख कर कहा, ‘‘तुम योहन के पुत्र सिमोन हो। तुम केफस (अर्थात् पेत्रुस) कहलाओगे।’’

मनन-चिंतन

आज के पाठों में हम शिष्यों की बुलाहट के बारे में सुनते हैं। पहले पाठ में हम देखते हैं कि बालक समूएल प्रभु के मन्दिर में, जहाँ ईश्वर की मंजूषा रखी हुई थी, सो रहा था। तब प्रभु ने उनको बुलाया, लेकिन बालक ने सोचा कि याजक एली ने उन्हें बुलाया। इसलिए समूएल ने एली के पास जा कर कहा, ‘‘आपने मुझे बुलाया है, इसलिए आया हूँ।’’ एली ने कहा, “मैंने तुम को नहीं बुलाया। जा कर सो जाओ।’’ वह लौट कर लेट गया। प्रभु ने दूसरी बार बालक को पुकारा। समूएल फिर से एली के पास गय़ॆ। एली ने उन्हें फिर से वापस भेजा। प्रभु ने तीसरी बार उन्हें पुकारा। इस बार एली समझ गया कि प्रभु बालक को बुला रहे हैं। इसलिए उन्होंने बालक से कहा, “जा कर सो जाओ। यदि तुम को फिर बुलाया जायेगा, तो यह कहना, ‘प्रभु! बोल तेरा सेवक सुन रहा है।’ समूएल गया और अपनी जगह लेट गया। प्रभु ने पहले की तरह उन्हें पुकारा, ‘‘समूएल! समूएल!’’ समूएल ने उत्तर दिया, ‘‘बोल, तेरा सेवक सुन रहा है।’’ उस समय से समूएल ईश्वर के विश्वस्त सेवक बने रहे।

इस प्रकार एली ने समूएल को अपनी बुलाहट और ईश्वर से मुलाकात को भली भाँति समझने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस प्रकार समूएल के ईशसेवा के कार्य में याजक एली का बडा योगदान रहा।

इसी प्रकार आज के सुसमाचार में हम देखते हैं कि संत योहन बपतिस्ता अपने दो शिष्यों को प्रभु येसु के शिष्य बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन में से एक अन्द्रेयस कुछ समय येसु के साथ बिताने के बाद अपने भाई सिमोन का येसु से परिचय कराते हैं। येसु सिमोन को पेत्रुस नाम दे कर उन्हें प्रेरितों का अगुआ बनाते हैं। एली और योहन बपतिस्ता हमारे सामने एक आदर्श व्यवहार प्रस्तुत करते हैं। ये दोनों वास्तव में अपने शिष्यों को अपने अधीन करने के बजाय उन्हें ईश्वर के दर्शन तथा ईश्वर की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रेरित-चरित, अध्याय 9 में हम पढ़ते हैं कि साऊल अपने मनपरिवर्तन के बाद येरूसालेम पहुँच कर प्रभु येसु के शिष्यों के समुदाय में शामिल होने की कोशिश करता रहा। लेकिन शिष्यों ने उन्हें शामिल नहीं किया क्योंकि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि वास्तव में साऊल का मनपरिवर्तन हुआ है। तब बरनाबस ने उसे प्रेरितों के पास ले जा कर उन्हें बताया कि साऊल ने मार्ग में प्रभु के दर्शन किये थे और प्रभु ने उस से बात की थी और यह भी बताया कि साऊल ने दमिश्क में निर्भीकता से ईसा के नाम का प्रचार किया था। फिर साऊल बरनाबस के सहयोगी के रूप में सेवा कार्य करने लगते हैं। बाद में बरनाबस स्वयं साऊल के सहयोगी के रूप में सेवा कार्य करने लगते हैं।

इन सब में हम यह देखते हैं कि सुसमाचार के सच्चे सेवक लोगों को प्रभु की ओर ले जाते हैं। वे कभी भी लोगों को अपने आप तक सीमित नहीं रखते हैं।

रोमियों के नाम पत्र में संत पौलुस नबी इसायाह के ग्रन्थ के वचन को दोहराते हुए कहते हैं, “शुभ सन्देश सुनाने वालों के चरण कितने सुन्दर लगते हैं “ (रोमियों 10:15)! प्रभु येसु ने भी अपने शिष्यों से कहा, फसल तो बहुत है, परन्तु मज़दूर थोड़े हैं। इसलिए फ़सल के स्वामी से विनती करो कि वह अपनी फ़सल काटने के लिए मज़दूरों को भेजे।“ (मत्ती 9:37-38)

गणना ग्रन्थ अध्याय 11 में हम देखते हैं कि मूसा ने सत्तर वयोवृद्धों को बुला कर दर्शन-कक्ष के आसपास खड़ा कर दिया। तब प्रभु ने मूसा की शक्ति का कुछ अंश उन सत्तर वयोवृद्धों को प्रदान किया। इसके फलस्वरूप उन्हें एक दिव्य प्रेरणा का अनुभव हुआ और वे भविष्यवाणी करने लगे। इनके अलावा एलदाद तथा मेदाद नाम के दो पुरुष शिविर में रह गये थे। उन्हें वहीं दिव्य प्रेरणा का अनुभव हुआ और वे शिविर में ही भविष्यवाणी करने लगे। एक नवयुवक दौड़ कर मूसा से यह कहने आया - ''एलदाद और मेदाद शिविर में भविष्यवाणी कर रहे हैं''। मूसा के पास खडे योशुआ ने यह कह कर अनुरोध किया, ''मूसा! गुरूवर! उन्हें रोक दीजिए।'' इस पर मूसा ने उसे उत्तर दिया, ''क्या तुम मेरे कारण ईर्ष्या करते हो? अच्छा यही होता कि प्रभु सब को प्रेरणा प्रदान करता और प्रभु की सारी प्रजा भविष्यवाणी करती।''

इस प्रकार पवित्र बाइबिल ईश्वर के महान सेवकों के आदर्श जीवन को हमारे सामने रखते हुए हमें यह शिक्षा देती है कि हमें सभी लोगों के साथ मिल कर ईश्वर की सेवा करना चाहिए। कभी भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश नहीं करना चाहिए। संत योहन प्रभु येसु की बढ़ती ख्याति पर आनन्द मनाते हुए कहते हैं, “यह उचित है कि वे बढ़ते जायें और मैं घटता जाऊँ” (योहन 3:30)। आईए, हम भी इसी तरह ईश्वर के विनम्र सेवक बनें।

- फादर फ्रांसिस स्करिया

Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!