प्रभात-वन्दना -1

प्रभात-गीत


हे पिता सर्वेश्वर, हम तुझे प्यार करते हैं
तेरी आराधना करते हैं, तेरी महिमा गाते हैं।

हे पुत्र सर्वेश्वर, हम तुझे प्यार करते हैं
तेरी आराधना करते हैं, तेरी महिमा गाते हैं।

हे आत्मा सर्वेश्वर, हम तुझे प्यार करते हैं
तेरी आराधना करते हैं, तेरी महिमा गाते हैं।

हे त्रित्व सर्वेश्वर, हम तुझे प्यार करते हैं
तेरी आराधना करते हैं, तेरी महिमा गाते हैं।

प्रभात की प्रार्थना

अगुआ: हे सर्वशक्तिमान प्रभु, (सब मिल कर) हम तुझ पर विश्वास करते हैं। तूने अपने वचन से इस जगत की सृष्टि की और हमें अपना प्रतिरूप और अपने सदृष बनाया। तू ही हमें संभालता है। तूने प्रेम से प्रेरित होकर अपने एकलौते पुत्र, हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त को हमारी मुक्ति के लिए इस दुनिया में भेजा जिन्होंने हमारे लिए अपने प्राण अर्पित किये। वे पुनर्जीवित हो कर तेरे दाहिने विराजमान हैं। तूने हमारे साथ हमेषा रहने के लिए पवित्र आत्मा को भेजा। हम इन पर तथा उन सब सच्चाईयों पर विश्वास करते हैं जिन्हें तेरी प्रेरणा से माता कलीसिया हमें सिखाती है। हम इसी विश्वास में जीना और मरना चाहते हैं। हे प्रभु ईष्वर, हमारा भरोसा है कि तू अपने पुत्र, हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त के दुख-भोग तथा क्रूस-मरण के पुण्य की खातिर हमें सहायता तथा मुक्ति देगा। हे दयालु ईष्वर, हम सारे हृदय से और सब चीज़ों से बढ़ कर तुझे प्यार करते हैं और तेरे प्रेम से प्रेरित होकर हमारे पडोसियों को प्यार करने की कोषिष करते हैं। हमारे प्रयत्नों पर आषिष बरसा। हमारे होठों को पवित्र कर ताकि हम इस प्रभात में तेरी स्तुति कर सकें।

समूह: आमेन।

स्तोत्र 91 (दो दलों में बोलें)


तुम, जो सर्वोच्च के आश्रय में रहते
और सर्वशक्तिमान् की छत्रछाया में सुरक्षित हो,

तुम प्रभु से यह कहोः ’’तू ही मेरी शरण है,
मेरा गढ़, मेरा ईश्वर, तुझ पर ही भरोसा रखता हूँ’’।

वह तुम्हें बहेलिये के फन्दे से,
घातक महामारी से छुड़ाता है।

वह अपने पंख फैला कर तुम को ढँक लेता है,
तुम्हें उसके पैरों के नीचे शरणस्थान मिलता है।

उसकी सत्यप्रतिज्ञता तुम्हारी ढाल है
और तुम्हारा कवच।

तुम्हें न तो रात्रि के आतंक से भय होगा
और न दिन में चलने वाले बाण से,

न अन्धकार में फैलने वाली महामारी से
और न दोपहर को चलने वाले घातक लू से।

तुम्हारी बगल में भले ही हजारों
और तुम्हारी दाहिनी ओर लाखों ढेर हो जायें,
किन्तु तुम को कुछ नहीं होगा।

तुम अपनी आँखों से देखोगे
कि किस प्रकार विधर्मियों को दण्ड दिया जाता है,

क्योंकि प्रभु तुम्हारा आश्रय है,
तुमने सर्वोच्च ईश्वर को अपना शरण-स्थान बनाया है।

तुम्हारा कोई अनिष्ट नहीं होगा,
महामारी तुम्हारे घर के निकट नहीं आयेगी,

क्योंकि वह अपने दूतों को आदेश देगा
कि तुम जहाँ कहीं भी जाओगे, वे तुम्हारी रक्षा करें।

वे तुम्हें अपने हाथों पर उठा लेंगे
कि कहीं तुम्हारे पैरों को पत्थर से चोट न लगे।

तुम सिंह और साँप को कुचलोगे,
तुम बाघ और अजगर को पैरों तले रौंदोगे।

वह मेरा भक्त है, इसलिए मैं उसका उद्धार करूँगा,
वह मेरा नाम जानता है, इसलिए मैं उसकी रक्षा करूँगा।

यदि वह मेरी दुहाई देगा, तो मैं उसकी सुनूँगा,
मैं संकट में उसका साथ दूँगा,
मैं उसका उद्धार कर उसे महिमान्वित करूँगा।

मैं उसे दीर्घ आयु प्रदान करूँगा
और उसे अपने मुक्ति-विधान के दर्शन कराऊँगा।

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक सदा रहेगी, आमेन।

धर्मग्रन्थ से पाठ (विधि-विवरण ग्रन्थ 6:4-9)

इस्राएल सुनो। हमारा प्रभु-ईश्वर एकमात्र प्रभु है। तुम अपने प्रभु-ईश्वर को अपने सारे हृदय, अपनी सारी आत्मा और अपनी सारी शक्ति से प्यार करो। जो शब्द मैं तुम्हें आज सुना रहा हूँ वे तुम्हारे हृदय पर अंकित रहें। तुम उन्हें अपने पुत्रों को अच्छी तरह सिखाओ। घर में बैठते या राह चलते, शाम को लेटते या सुबह उठते समय, उनकी चरचा किया करो। तुम उन्हें निषानी की तरह अपने हाथ पर और तावीज की तरह अपने मस्तक पर बाँधे रखो और अपने घरों की चौखट तथा अपने फाटकों पर लिख दो।
प्रभु की वाणी।

सब : ईश्वर को धन्यवाद।

(मनन चिंतन)

स्तुति-गीत


जल, थल, नभ में, गाओ निरंतर
प्रभु मंदिर में, गाओ निरंतर
दूतों की सेना, गाओ निरंतर
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

भक्त समाज भी, गाओ निरंतर
मानव संतान...
जनता सारी ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

याजक, सेवक ...
पूर्वज, पूर्खों ...
धार्मिक आत्मा ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

संत शहीदों, ...
दीन, विनम्र ...
शासक, राजा ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

सूरज, चन्द्रमा, ...
तारा मण्डल, ...
बादल आसमान, ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

ओस और बारिश, ...
पवनों, तूफान...
ताप और अग्नि, ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

ठण्ड और गरमी,...
बर्फ और हिमपात, ...
झरनों, नालों, ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

सागर, नदियों, ...
जलचर, मछली, ...
पंछी, जानवर, ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

पर्वत, पहाडियों, ...
वन, उपवन भी, ...
पेड और पौधों, ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

सब जन मिलकर, ...
संतों के संग भी ....
आत्मा से प्रेरित ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

ऊँचे स्वरों में, ...
ताली बजा कर ...
बाजा बजा कर, ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

पिता की महिमा ...
पुत्र का स्तुतिगान ....
आत्मा की जय-जय ...
गाओ निरंतर प्रभु की महिमा।

अंतिम प्रार्थना

अगुआः हम प्रार्थना करें।

समूहः हे परम दयालु ईश्वर, तेरे हाथों से हम इस दिन को ग्रहण करते हैं। यह तेरी करुणा का परिचय ही है कि हमें एक और दिन देखने को मिला है। इस प्रभात में हम सारी सृष्टि के साथ मिल कर तेरी महिमा का बखान करते हैं। आज के दिन तेरा दाहिना हाथ हमें संभाले, तेरी वाणी हमारे पैरों के लिए ज्योति बने, तेरी दया हमें सांत्वना दे और तेरी अपार कृपा हमें आनन्द प्रदान करे। तेरे दूत हमारे आगे-आगे चलें और तेरी अनुकम्पा हमारे पीछे-पीछे। हमें शक्ति दे कि हम तेरी सेवा सहर्ष कर सकें। हे सर्वशक्तिमान ईश्वर आज हमें यह कृपा दे कि हम तेरी राह से कभी विचलित न हो बल्कि तेरी योजना को साकार बनाने में हमारा योगदान दे सकें। हमारे प्रभु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।

अगुआः प्रभु हमें आषिष दे, हमें राह दिखाये और हमारी रक्षा करे।

समूहः आमेन।

दूत-संवाद

अगुआः प्रभु के दूत ने मरियम को सन्देश दिया।

समूहः और वह पवित्र आत्मा से गर्भवती हुई।
प्रणाम मरिया.........


अगुआः देख, मैं प्रभु की दासी हूँ।

समूहः तेरा कथन मुझमें पूरा हो।
प्रणाम मरिया...........


अगुआः और शब्द देह बना।

समूहः और हमारे बीच में रहा।
प्रणाम मरिया..........


अगुआः हे ईश्वर की पवित्र माँ, हमारे लिए प्रार्थना कर।

समूहः कि हम खीस्त की प्रतिज्ञाओं के योग्य बन जाएं।

अगुआः हम प्रार्थना करें:

समूहः हे प्रभु, हमने स्वर्गदूत के संदेश द्वारा तेरे पुत्र येसु खीस्त का देहधारण जान लिया। हमारी प्रार्थना सुन ले - अपनी कृपा हमारी आत्माओं को प्रदान कर, कि हम उसी खीस्त के दुःख और क्रूस के द्वारा पुनरूत्थान की महिमा तक पहुँच सकें। उन्हीं हमारे प्रभु येसु खीस्त के द्वारा। आमेन।


स्वर्ग की रानी

(पास्का इतवार से पेन्तेकोस्त तक)

अगुआः हे स्वर्ग की रानी, आनन्द कर

समूहः अल्लेलूया ।


अगुआः जिनको तूने पैदा किया।

समूहः अल्लेलूया ।


अगुआः वह अपने कथनानुसार जी उठे।

समूहः अल्लेलूया ।


अगुआः ईश्वर से हमारे लिये प्रार्थना कर।

समूहः अल्लेलूया ।


अगुआः आनन्द मना और प्रसन्न हो, हे कुँवारी मरियम।

समूहः अल्लेलूया ।


अगुआः प्रभु सचमुच जी उठे।

समूहः अल्लेलूया ।


अगुआः हम प्रार्थना करें:

समूहः हे ईश्वर, तूने अपने पुत्र हमारे प्रभु येसु खीस्त के पुनरूत्थान द्वारा संसार को आनन्द दिया है। हमारी यह प्रार्थना सुन और ऐसा कर कि हम उनकी माँ कुँवारी मरियम के द्वारा, अनन्त जीवन का आनन्द प्राप्त कर सकें। आमेन।

प्रभात-वन्दना -2

प्रभात-गीत


सृजनहार प्रभु जगदीश्वर
प्रभुजी तेरी संतान हम
नूतन दिन को पावन कर
आशिष देना प्रभुजी हमें। -2

पालनहार सुत ईश्वर
तेरे संग रखना हमें
ज्योति देकर वाणी से
आशिष देना प्रभुजी हमें। - 2

पावन आत्मा ईश्वर तू
तेरे नाम की महिमा हो
राह दिखा कर आगे की
आशिष देना प्रभुजी हमें। - 2

आँखों को तू ज्योति दे
कानों को तू पावन कर
शक्ति दे कर हाथों को
आशिष देना प्रभुजी हमें। -2

तेरे मार्ग पर चलने की
तेरी वाणी सुनने की
सबको लेकर चलने की
आशिष देना प्रभुजी हमें। - 2

पिता, पुत्र, पवित्रात्मा
तू ही सबका ईश्वर है
होवे तेरा नाम महान
आशिष देना प्रभुजी हमें। -2

समर्पण प्रार्थना

अगुआः हे पिता ईश्वर (सब मिल कर) हम तुझे प्यार करते हैं, तुझ पर विश्वास करते हैं तथा तेरे नाम की महिमा गाते हैं। इस नये दिन के लिए तुझे धन्यवाद देते हुए, हम इस प्रभात में अपनी स्वर्गिक माता मरियम के हाथों से सारी मानव जाति को तुझे सुपुर्द करते हैं। हम अपनी आत्मा और शरीर को तेरे चरणों में रख कर तेरी आशिष माँगते हैं। अपनी अपार करुणा से हम सब पर कृपा-दृष्टि डाल। हमारे मार्गों को तेरे वचन की ज्योति से आलोकित कर कि हम आज के दिन हर कार्य में तुझे खोजें और पायें। स्वर्ग की ओर हमारी तीर्थयात्रा में तुझ पर हमारा दृढ़ विश्वास हमें सत्कार्य करने की प्रेरणा दे। तेरे प्रति हमारा प्रेम दूसरों की सहायता करने की हमारी तत्परता बढ़ाये। तू हमें सभी विपत्तियों से बचा और हमें पाप की मलिनता से दूर रख। हमारी यह विनती स्वीकार कर हमारे प्रभु और मुक्तिदाता येसु खीस्त के द्वारा। आमेन।

स्तोत्र 5:1-9, 12-13 (दो दलों में बोलें)


प्रभु! मेरी बात सुनने की कृपा कर।
मेरे उच्छ्वासों पर ध्यान दे।

मेरी दुहाई तेरे पास पहुँचे,
प्रभु! मैं तुझ से प्रार्थना करता हूँ,
मेरे राजा, मेरे ईश्वर!

प्रभु! तू प्रातःकाल मेरी पुकार सुनता है।
मैं प्रातः अपना चढ़ावा सजाता हूँ
और प्रतीक्षा करता रहता हूँ।

तू न तो बुराई से समझौता करता
और न दुष्टों को शरण देता है।

घमण्डी तेरे सामने नहीं टिकते,
तू सब कुकर्मियों को तुच्छ समझता
और झूठ बोलने वालों का विनाश करता है।

प्रभु हिंसा करने वाले और कपटी मनुष्य से घृणा करता है।
किन्तु मैं तेरी अपार कृपा के कारण
तेरे मन्दिर में प्रवेश करता हूँ।

मैं बड़ी श्रद्धा से तेरे पवित्र मन्दिर को दण्डवत् करता हूँ।
मेरे शत्रु मेरी घात में रहते हैं,

प्रभु! मुझे अपने धर्ममार्ग पर ले चल
और मेरे लिए अपना मार्ग प्रशस्त कर।

जो तेरी शरण जाते हैं,
वे सब आनन्द मनायेंगे,

जो तेरे नाम के प्रेमी हैं,
वे आनन्द के गीत गायेंगे।

प्रभु! तू ही धर्मी को आशीर्वाद देता है,
तू अपनी कृपा की ढाल से उसकी रक्षा करता है।

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।
जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक सदा रहेगी, आमेन।

समर्पण प्रार्थना

धर्मग्रन्थ से पाठ (कोई एक पाठ पढ़ें)
संत योहन का पहला पत्र (2ः1-6)

बच्चो! मैं तुम लोगों को यह इसलिए लिख रहा हूँ कि तुम पाप न करो। किन्तु यदि कोई पाप करता, तो पिता के पास हमारे एक सहायक विद्यमान हैं, अर्थात् धर्मात्मा ईसा मसीह। उन्होंने हमारे पापों के लिए प्रायश्चित किया है और न केवल हमारे पापों के लिए, बल्कि समस्त संसार के पापों के लिए भी। यदि हम उनकी आज्ञाओं का पालन करेंगे, तो उस से हमें पता चलेगा कि हम उन्हें जानते हैं। जो कहता है कि मैं उन्हें जानता हूँ, किन्तु उनकी आज्ञाओं का पालन नहीं करता वह झूठा है और उस में सच्चाई नहीं है। परन्तु जो उनकी आज्ञाओं का पालन करता है, उस में ईश्वर का प्रेम परिपूर्णता तक पहुँचता है। जो कहता है कि मैं उन में निवास करता हूँ, उसे वैसा ही आचरण करना चाहिए, जैसा आचरण मसीह ने किया।
प्रभु की वाणी।

संत योहन का पहला पत्र (2:7-11)

प्रिय भाइयो! मैं तुम्हें कोई नयी आज्ञा नहीं लिख रहा हूँ। यह वही पुरानी आज्ञा है, जो प्रारम्भ से ही तुम्हें प्राप्त है। यह पुरानी आज्ञा वह वचन है, जिसे तुम सुन चुके हो। फिर भी मैं तुम्हें जो आज्ञा लिख रहा हूँ, वह नयी है। वह नयी इसीलिए है कि वह उन में चरितार्थ हुई और तुम में भी चरितार्थ हो रही है, क्योंकि अन्धकार हट रहा है और सत्य की ज्योति अब चमकने लगी है। जो कहता है कि मैं ज्योति में हूँ और अपने भाई से बैर करता है, वह अब तक अन्धकार में है। जो अपने भाई को प्यार करता है, वह ज्योति में निवास करता है और कोई कारण नहीं कि उसे ठोकर लगे। परन्तु जो अपने भाई से बैर करता है, वह अन्धकार में है और अन्धकार में चलता है। वह यह नहीं जानता कि वह कहाँ जा रहा है, क्योंकि अन्धकार ने उसे अन्धा बना दिया है।
प्रभु की वाणी।

समूहः ईष्वर को धन्यवाद।

स्तोत्र 145 (दो दलों में बोलें)


मेरे ईश्वर! मेरे राजा!
मैं तेरी स्तुति करूँगा।
मैं सदा-सर्वदा तेरा नाम धन्य कहूँगा।

मैं दिन-प्रतिदिन तुझे धन्य कहूँगा।
मैं सदा-सर्वदा तेरे नाम की स्तुति करूँगा।

प्रभु महान् और अत्यन्त प्रशंसनीय है।
उसकी महिमा अगम है।

सब पीढ़ियाँ तेरी सृष्टि की प्रशंसा करती
और तेरे महान् कार्यों का बखान करती हैं।

मैं भी तेरे प्रताप, तेरे ऐश्वर्य
और तेरे महान् चमत्कारों का बखान करूँगा।

मैं भी तेरे विस्मयकारी कार्यों
और तेरी महिमा का वर्णन करूँगा।

लोग तेरी अपार कृपा की चरचा करते रहेंगे
और तेरी न्यायप्रियता का जयकार।

प्रभु दया और अनुकम्पा से परिपूर्ण है।
वह सहनशील और अत्यन्त प्रेममय है।

प्रभु सब का कल्याण करता है।
वह अपनी समस्त सृष्टि पर दया करता है।

प्रभु! तेरी समस्त सृष्टि तेरा धन्यवाद करेगी,
तेरे भक्त तुझे धन्य कहेंगे।

वे तेरे राज्य की महिमा गायेंगे
और तेरे सामर्थ्य का बखान करेंगे,

जिससे सभी मनुष्य तेरे महान् कार्य
और तेरे राज्य की अपार महिमा जान जायें।

तेरे राज्य का कभी अन्त नहीं होगा।
तेरा शासन पीढ़ी-दर-पीढ़ी बना रहेगा।

प्रभु अपनी सब प्रतिज्ञाएँ पूरी करता है,
वह जो कुछ करता है, प्रेम से करता है।

प्रभु निर्बल को सँभालता
और झुके हुए को सीधा करता है।

सब तेरी ओर देखते और तुझ से यह आशा करते हैं
कि तू समय पर उन्हें भोजन प्रदान करेगा।

तू खुले हाथों देता
और हर प्राणी को तृप्त करता है।

प्रभु जो कुछ करता है, ठीक ही करता है।
वह जो कुछ करता है, प्रेम से करता है।

वह उन सबों के निकट है, जो उसका नाम लेते हैं,
जो सच्चे हृदय से उस से विनती करते हैं।

जो उस पर श्रद्धा रखते हैं, वह उनका मनेारथ पूरा करता है।
वह उनकी पुकार सुन कर उनका उद्धार करता है।

प्रभु अपने भक्तों को सुरक्षित रखता,
किन्तु अधर्मियों का सर्वनाश करता है।

मेरा कण्ठ प्रभु की स्तुति करता रहेगा।
सभी मनुष्य सदा-सर्वदा उसका पवित्र नाम धन्य कहें।

पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो।

जैसे वह आदि में थी, अब है और अनन्त काल तक सदा रहेगी, आमेन।

सामूहिक निवेदन

अगुआः हे प्रभु इस प्रभात में हम तेरी ओर अभिमुख होते हैं।

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

अगुआः हे प्रभु, हम तेरे चरणों में अपने जीवन को चढ़ाते हैं।

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

अगुआः हे प्रभु, तू आँख की पुतली की तरह मेरी रक्षा कर। (स्तोत्र 17ः8अ)

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

अगुआः मुझे अपने पंखों की छाया में छिपा। (स्तोत्र 17ः8ब)

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

अगुआः हे प्रभु, मुझ पर जूफा से जल छिड़क दे और मैं शुद्ध हो जाऊँगा।(51ः9)

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

अगुआः हे प्रभु, मेरे पापों पर दृष्टि न डाल, मेरा अपराध मिटाने की कृपा कर। (51ः11)

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

अगुआः हे प्रभु, मेरा हृदय फिर शुद्ध कर और मेरा मन फिर सुदृढ़ बना। (51ः12)

समूहः हमें अपना आशीर्वाद प्रदान कर।

समापन प्रार्थना

अगुआः हम प्रार्थना करें।

समूहः हे पिता ईश्वर हम तेरी स्तुति करते हुए आज के दिन की गतिविधियों को तेरे समक्ष समर्पित करते हैं। हमारी रक्षा कर और हमें धर्म-मार्ग पर चला। तेरा दाहिना हाथ हमें संभाले और तेरी करुणा हमें शक्ति प्रदान करे। अपने पवित्र आत्मा के वरदानों तथा फलों से हमारे जीवन को सशक्त बना दे। तेरी कृपादृष्टि हम पर बनी रहे। आज के दिन कुछ भी तेरे प्यार से हमें अलग न कर पाये। हमारे प्रभु ख्रीस्त के द्वारा। आमेन।

अगुआः हे माँ मरियम, कलीसिया की माता।

समूहः हमारे लिए प्रार्थना कर।

अगुआः हे संरक्षक दूत,

समूहः हमारी रक्षा करा।

अगुआः प्रभु हमें संभालें और अपना आशीर्वाद प्रदान करें।

समूहः ईश्वर को धन्यवाद।


(प्रभु के दूत ने मरियम को सन्देश दिया.....)


Copyright © www.jayesu.com
Praise the Lord!