वर्ष का चौंतीसवाँ इतवार - वर्ष B - ख्रीस्त राजा का पर्व

📕पहला पाठ

नबी दानिएल के ग्रंथ में एक दृश्य प्रस्तुत किया गया है, जिस में एक रहस्यमय मानव पुत्र की चरचा है। उस दृश्य में उसे समस्त पृथ्वी का राजत्व तथा अनन्त प्रभुत्व दिया जाता है। वह रहस्यमय मानव पुत्र हमारे प्रभु येसु मसीह हैं। उन्होंने स्वयं नबी दानिएल के इस प्रसंग की ओर संकेत किया है।

नबी दानिएल का ग्रंथ 7:13-14

"उसका प्रभुत्व सदा ही बना रहेगा।”

मैं रात का दृश्य देख रहा था। और देखो! आकाश के बादलों पर मानव पुत्र जैसा कोई आया। वह वयोवृद्ध के यहाँ पहुँचा और उसके सामने लाया गया। उसे प्रभुत्व, सम्मान तथा राजत्व दिया गया। सभी देश, राष्ट्र और भिन्न-भिन्न भाषा-भाषी उसकी सेवा करेंगे। उसका प्रभुत्व अनन्त है, वह सदा ही बना रहेगा। उसके राज्य का कभी विनाश नहीं होगा।

प्रभु की वाणी।

📖भजन : स्तोत्र 92:1-2,5

अनुवाक्य : प्रभु, प्रताप से विभूषित हो कर, राज्य करता है।

1. प्रभु, प्रताप से विभूषित हो कर, राज्य करता है। उसने सामर्थ्य धारण कर लिया है।

2. तूने पृथ्वी को सुदृढ़ और सुस्थिर बनाया है। तेरा सिंहासन प्रारंभ से ही सुदृढ़ है। हे प्रभु! तू अनादि काल से विद्यमान है।

3. हे प्रभु! तेरे आदेश अपरिवर्तनीय हैं। तेरे मंदिर की पवित्रता अनन्तकाल तक बनी रहेगी।

📘दूसरा पाठ

प्रभु येसु ने सभी विश्वासियों को अपने कार्य के सहयोगी बनाया है। इसलिए वे महायाजक से संयुक्त हो कर याजकों के राजवंश के सदस्य हैं। इसके अनुसार उन्हें अपने समस्त जीवन के साक्ष्य द्वारा येसु की शिक्षा का प्रचार करना चाहिए।

प्रकाशना-ग्रन्थ 1:5-8

"पृथ्वी के राजाओं के अधिराज ने हम याजकों का राजवंश बना दिया है।"

प्रभु येसु मसीह आप लोगों को कृपा और शांति प्रदान करें। वह विश्वसनीय साक्षी, पुनर्जीवित मृतकों में से पहलौठे और पृथ्वी के राजाओं के अधिराज हैं। वह हम को प्यार करते हैं। उन्होंने अपने रक्त से हमें पापों से मुक्त किया है और अपने ईश्वर और पिता के लिए हमें याजकों का राजवंश बना दिया है। उनकी महिमा और उनका सामर्थ्य अनन्तकाल तक बना रहे। आमेन! देखो, वही बादलों पर आने वाले हैं। सब लोग उन्हें देखेंगे। जिन्होंने उनको छेदा है, वे भी उन्हें देखेंगे और पृथ्वी के सभी राष्ट्र उन पर विलाप करेंगे। यह निश्चित है। आमेन! जो है, जो था और जो आने वाला है, वही सर्वशक्तिमान् प्रभु-ईश्वर कहता है - आल्फा और ओमेगा (आदि और अंत) मैं हूँ।

प्रभु की वाणी।

📒जयघोष

अल्लेलूया, अल्लेलूया! धन्य हैं वह, जो प्रभु के नाम पर आते हैं! धन्य है हमारे पिता दाऊद का आने वाला राज्य! अल्लेलूया!

📙सुसमाचार

येसु ने यहूदियों का साधारण राजा बनना अस्वीकार किया था। अब वह पिलातुस से कहते हैं कि उनका राज्य इस संसार का नहीं है। वह उस सत्य के विषय में साक्ष्य देने आये थे, जो हमें ईश्वर के राज्य में प्रवेश करने योग्य बनायेगा।

योहन के अनुसार पवित्र सुसमाचार 18:33-37

"आप ठीक कहते हैं। मैं राजा हूँ।"

पिलातुस ने येसु से कहा, "क्या तुम यहूदियों के राजा हो? " येसु ने उत्तर दिया, "क्या आप यह अपनी ओर से कहते हैं या दूसरों ने आप से मेरे विषय में यह कहा है? " पिलातुस ने कहा, "क्या मैं यहूदी हूँ? तुम्हारे ही लोगों ने और महायाजकों ने तुम्हें मेरे हवाले कर दिया है। तुमने क्या किया है?" येसु ने उत्तर दिया, "मेरा राज्य इस संसार का नहीं है। यदि मेरा राज्य इस संसार का होता, तो मेरे अनुयायी लड़ते और मैं यहूदियों के हवाले नहीं किया जाता। परन्तु मेरा राज्य यहाँ का नहीं है।" इस पर पिलातुस ने उन से कहा, "तो तुम राजा हो? " येसु ने उत्तर दिया, "आप ठीक कहते हैं। मैं राजा हूँ। मैं इसलिए जन्मा और इसलिए संसार में आया हूँ कि सत्य के विषय में साक्ष्य दूँ। जो सत्य के पक्ष में है, वह मेरी सुनता है।"

प्रभु का सुसमाचार।