मैं समझता हूँ कि जो महिमा हम में प्रकट होने को है, उसकी तुलना में इस समय का दुःख नगण्य है; क्योंकि समस्त सृष्टि उत्कण्ठा से उस दिन की प्रतीक्षा कर रही है, जब ईश्वर के पुत्र प्रकट हो जायेंगे। यह सृष्टि तो इस संसार की असारता के अधीन हो गयी है - अपनी इच्छा से नहीं, बल्कि उनकी इच्छा से जिसने उसे अधीन बना दिया है - किन्तु यह आशा भी बनी रही कि वह असारता की दासता से मुक्त हो जायेगी और ईश्वर के पुत्रों की महिमामय स्वतंत्रता की सहभागी बनेगी। हम जानते हैं कि समस्त सृष्टि अब तक मानो प्रसव पीड़ा में कराहती रही है। और सृष्टि ही नहीं, हम भी भीतर ही भीतर कराहते हैं। हमें तो पवित्र आत्मा के पहले कृपादान मिल चुके हैं, किन्तु हम ईश्वर की सन्तान होने के नाते अपनी शरीर की मुक्ति की राह देख रहे हैं। हमारी मुक्ति अब तक आशा का ही विषय है। यदि कोई वह बात देखता है, जिसकी वह आशा करता है, तो यह आशा नहीं कही जा सकती है। जिस बात को कोई देखता है, वह उसकी आशा कैसे कर सकता है? हम उसी की आशा करते हैं, जिसे हम अब तक नहीं देख सके हैं; इसलिए हमें धौर्य के साथ उसकी प्रतीक्षा करनी पड़ती है।
प्रभु की वाणी।
अनुवाक्य : ईश्वर ने हमारे लिए अपूर्व कार्य किये हैं।
1. प्रभु जब सियोन के निर्वासितों को वापस ले आया, तो हमें लगा कि हम स्वप्न देख रहे हैं। हमारे मुख पर हँसी खिल उठी और हम आनन्द के गीत गाने लगे।
2. गैरयहूदी आपस में यह कहते थे, "प्रभु ने उनके लिए अपूर्व कार्य किये हैं।" उसने वास्तव में हमारे लिए अपूर्व कार्य किये हैं और हम अत्यन्त आनन्दित हो उठे।
3. हे प्रभु! मरुभूमि की नदियों की तरह हमारे निर्वासितों को वापस ले आ। जो रोते हुए बीज बोते हैं, वे गाते हुए लुनते हैं।
4 जो बीज ले कर चले गये थे, जो रोते हुए चले गये थे, वे पूले लिये लौट रहे हैं, वे गाते हुए लौट रहे हैं।
अल्लेलूया! हे पिता! हे स्वर्ग और पृथ्वी के प्रभु! मैं तेरी स्तुति करता हूँ। क्योंकि तूने राज्य के रहस्यों को निरे बच्चों के लिए प्रकट किया है। अल्लेलूया!
येसु ने यह कहा, "ईश्वर का राज्य किसके सदृश है? मैं इसकी तुलना किस से करूँ? वह उस राई के दाने के सदृश है, जिसे एक मनुष्य ने लिया और अपनी बारी में बोया। वह बढ़ते-बढ़ते पेड़ हो गया और आकाश के पंक्षी उसकी डालियों में बसेरा करने आये। " उन्होंने फिर कहा, "मैं ईश्वर के राज्य की तुलना किस से करूँ? वह उस खमीर के सदृश है, जिसे एक स्त्री ने ले कर तीन पसेरी आटे में मिला दिया और सारा आटा खमीरा हो गया!"
प्रभु का सुसमाचार।