स्तोत्र

अध्याय 132

1प्रभु! दाऊद को याद कर और उसके समस्त कष्टों को, 2प्रभु के सामने उसकी शपथ को, याकूब के शक्तिमान् ईश्वर के प्रति उनकी मन्नत को: 3"मैं अपने घर में प्रवेश नहीं करूँगा, अपनी शय्या पर विश्राम नहीं करूँगा, 4अपनी आँखों में नींद नहीं आने दूँगा, अपनी पलकों को झपकी लेने नहीं दूँगा, 5जब तक कि मैं ईश्वर के लिए स्थान न पाऊँ, याकूब के शक्तिमान प्रभु के लिए निवास"। 6हमने एफ्राता में मंजूषा के विषय में सुना और उसे यार के मैदान में पाया। 7"हम प्रभु के आवास को चलें, हम उसके पावदान को दण्डवत करें। 8प्रभु! तू अपनी तेजस्वी मंजूषा के साथ अपने स्थायी आवास को चल। 9तेरे याजक धार्मिकता के वस्त्र धारण करें, तेरे भक्त आनन्द के गीत गायें। 10अपने सेवक दाऊद के कारण अपने अभिषिक्त को न त्याग।" 11प्रभु ने शपथ खा कर दाऊद से प्रतिज्ञा की है। वह अपना वचन भंग नहीं करेगा। "मैं तुम्हारे वंशज में से एक को तुम्हारे सिंहासन पर बैठाऊँगा। 12यदि तुम्हारे पुत्र मेरे विधान पर चलेंगे और मेरे दिये हुए नियमों का पालन करेंगे, तो उनके पुत्र भी सदा-सर्वदा के लिए तुम्हारे सिंहासन पर बैठेंगे।" 13क्योंकि प्रभु ने सियोन को चुना और अपने निवास के लिए चाहा: 14"यह मेरा स्थिरस्थायी निवास है, मैं यहीं रहूँगा, क्योंकि मैंने सियोन को चुना है। 15"मैं यहाँ के निवासियों को भरपूर भोजन प्रदान करूँगा, मैं इसके दरिद्रों को रोटी दे कर तृप्त करूँगा। 16मैं इसके याजकों को कल्याण के वस्त्र पहनाऊँगा। इसके भक्त जन उल्लास के गीत गायेंगे। 17मैं यहाँ दाऊद के लिए एक शक्तिशाली वंशज उत्पन्न करूँगा, अपने मसीह के लिए एक प्रदीप जलाऊँगा। 18उसके शत्रुओं को लज्जित होना पड़ेगा, किन्तु उसके मस्तक पर मेरा मुकुट शोभायमान होगा।"