सूक्ति

अध्याय 4

1पुत्रों! पिता की शिक्षा पर ध्यान दो। समझदार बनने का प्रयत्न करो। 2मैं तुम लोगो को ज्ञान की बातें बता रहा हूँ। मेरी शिक्षा का तिरस्कार मत करो। 3मैं भी अपने पिता का आज्ञाकारी पुत्र था। मेरी माता मुझे इकलौते पुत्र की तरह प्यार करती थी। 4मेरे पिता ने यह कहते हुए मुझे शिक्षा दी: "सारे हृदय से मेरी शिक्षा अपनाओ। मेरी आज्ञाओं का पालन करो और तुम्हें जीवन प्राप्त होगा। 5प्रज्ञा और समझदारी प्राप्त करो। मेरे शब्द याद रखो और उन से नहीं भटको 6"प्रज्ञा का परित्याग मत करो और वह तुम्हारी रक्षा करेगी। उसको प्यार करो और वह तुम्हारी देख-रेख करेगी। 7सब से पहले प्रज्ञा प्राप्त करो, किसी भी कीमत पर सद्बुद्धि प्राप्त करो। 8इसे सँजोये रखो और यह तुम्हें सम्मान दिलायेगी। 9यह तुम्हारे कण्ठ में एक मनोहर माला डाल देगी और तुम्हें महिमा का किरीट प्रदान करेगी।" 10पुत्र! सुनो, मेरी बातों पर ध्यान दो और तुम्हारी आयु लम्बी होगी। 11मै तुम्हें प्रज्ञा का मार्ग दिखाता और सन्मार्ग पर ले चलता हूँ। 12तुम आगे बढ़ोगे, तो बाधा नहीं होगी; तुम दौड़ने लगोगे, तो ठोकर नहीं खाओगे। 13इस शिक्षा को ग्रहण करो, इसे कभी मत छोड़ो, इसे सँजोये रखो, क्योंकि यह तुम्हारा जीवन है। 14दुष्टों के मार्ग में प्रवेश मत करो; कुकर्मियों के पथ पर मत चलो। 15उस से दूर रहो, उस पर पैर मत रखो; उस से कतरा कर आगे बढ़ो। 16वे पाप किये बिना सोने नहीं जाते। यदि उन्होंने किसी को पथभ्रष्ट नहीं किया, तो उन्हे नींद नहीं आती। 17वे अधर्म की रोटी खाते और हिंसा की मदिरा पीते हैं। 18धर्मियों का मार्ग प्रभात के प्रकाश-जैसा है, जो दोपहर तक क्रमश: बढ़ता जाता है; 19किन्तु विधर्मियों का मार्ग अन्धकारमय है। उन्हें पता नहीं कि वे किस चीज से ठोकर खायेंगे। 20पुत्र! मेरी बातों पर ध्यान दो; कान लगा कर मेरी शिक्षा सुनो। 21उसे अपनी आँखों से ओझल न होने दो; उसे अपने हृदय में सँजोये रखो। 22वह तुम में नवजीवन का संचार करेगी और तुम्हारे शरीर को स्वस्थ रखेगी। 23तुम बड़ी सावधानी से अपने हृदय की रक्षा करो, क्योंकि जीवन का स्त्रोत उस से फूटा करता है। 24अपने मुख को असत्य न बोलने दो, अपने होंठो से हर प्रकार का कपट दूर रखो। 25तुम्हारी आँखे सीधे, सामने की ओर देखा करें। तुम्हारी दृष्टि ठीक आगे की ओर टिकी रहे। 26जिस पथ पर चलते हो, उसे ध्यान से देखो; तुम्हारे सभी मार्ग निरापद हों। 27तुम न तो बायें भटकों और न दायें; बुराई के पथ पर पैर मत रखो।